महराजगंज
महराजगंज विकास खंड परतावल की ‘परफार्मेंस ग्राम पंचायत’ छपिया में स्वच्छता दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज विकास खंड परतावल की ‘परफार्मेंस ग्राम पंचायत’ छपिया में स्वच्छता दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। यहाँ नालियों के पूरी तरह जाम होने के कारण गंदा पानी मुख्य सड़कों पर बह रहा है, जिससे पूरे गांव में नारकीय स्थिति बनी हुई है। नियमित साफ-सफाई न होने से भड़के ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तत्काल जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, मजहर के घर से साहिल के घर तक, जुमराती से इजहार और शंभू के घर से जमीन अली के घर तक बनी मुख्य नालियां सिल्ट से पूरी तरह पट चुकी हैं। गंदा पानी और कीचड़ सड़कों पर फैलने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों का पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। स्थानीय निवासी जुनाब अली, रऊफ, राहत अली, आस मोहम्मद, पप्पू, इब्राहिम, सदरे आलम, साहिल, रहमानी, मजहर और जुमराती ने बताया कि आगामी मोहर्रम पर्व के पारंपरिक ताजिया जुलूस इसी मार्ग से होकर गुजरने हैं। अगर समय रहते सफाई नहीं हुई, तो अकीदतमंदों और ताजियादारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर जब उन्होंने फोन पर एडीओ पंचायत देवेंद्र पटेल से संपर्क करने की कोशिश की, तो हर बार की तरह अधिकारियों का फोन नहीं उठा। अफसरों की इस बेरुखी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
इस संबंध में जब ग्राम पंचायत अधिकारी सेक्रेटरी चंद्रशेखर सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ग्रामीण घरों का कचरा नालियों में फेंक देते हैं, जिससे नालियां चोक हो जाती हैं। इसके अलावा गांव के पोखरे का पानी बैक मारकर उल्टा नालियों में आ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल सामान्य सफाई से काम नहीं चलेगा; इसके लिए पोकलेन मशीन मंगाकर व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसके लिए संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है।
धनारी के थाने में आग लगाने वाले ग्रामीण की मौतः ड्रोन की निगरानी में अंतिम संस्कार, सीओ-पीएसी समेत 80 पुलिसकर्मी तैनात रहेhttps://t.co/vn3PtrBsA0
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 22, 2026












