संभल
संभल/ गुन्नौर धनारी थाना परिसर में तीन दिन पहले खुद को आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास करने वाले युवक की दिल्ली स्थित एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

संभल/ गुन्नौर धनारी थाना परिसर में तीन दिन पहले खुद को आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास करने वाले युवक की दिल्ली स्थित एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही उसके गांव बगढेर में शोक की लहर दौड़ गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतक का शव पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
मृतक धनारी थाना क्षेत्र के गांव बगढेर निवासी मोरध्वज यादव पुत्र सत्यपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने हिरासत में लिए गए परिजनों को छुड़ाने के लिए गुरुवार शाम धनारी थाने पहुंचा था। इसी दौरान पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए उसने कथित रूप से अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की शुरुआत बुधवार को गांव में आयोजित बच्चों के मुंडन संस्कार कार्यक्रम से हुई। कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस झगड़े में एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजने के साथ ही गांव निवासी लखपत सिंह और भारत सिंह को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
बताया जाता है कि गुरुवार शाम पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान मोरध्वज यादव थाने पहुंचा और पुलिस से दोनों को छोड़ने की मांग करने लगा। उसने उन्हें निर्दोष बताते हुए कार्रवाई का विरोध किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काफी देर तक पुलिस और मोरध्वज के बीच बहस होती रही। इसके बाद अचानक उसने अपने साथ लाया पेट्रोल अपने शरीर पर उड़ेल लिया और खुद को आग के हवाले कर दिया।
युवक के आग की लपटों में घिरते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने तत्काल सूझबूझ दिखाते हुए कंबल और गमछों की मदद से आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसे मोरध्वज को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल रेफर कर दिया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे मेरठ भेज दिया। स्थिति में सुधार न होने पर गुरुवार देर रात उसे दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मोरध्वज की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण उसके घर पहुंचने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
धनारी थाना प्रभारी नरेश पाल यादव ने मोरध्वज यादव की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है तथा शांति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।
घटना की सूचना मिलने पर
क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह ने भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली थी। वहीं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं। थाना परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों के बीच चर्चा है कि आखिर युवक पेट्रोल लेकर थाना परिसर तक कैसे पहुंच गया और सुरक्षा जांच में यह चूक कैसे हुई। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
महराजगंज: दो ग्राम पंचायतों के सीमा विवाद में PWD सड़क पर बह रहा नाले का गंदा पानी, राहगीर परेशान@DmMaharajganj @uppwdofficial @IndiaDeportoPR https://t.co/OxRB3TLqZc
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 20, 2026













