हापुड़
हापुड़ जनपद के देहात थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुरादाबाद रोड पर देर रात गश्त के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

हापुड़ जनपद के देहात थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुरादाबाद रोड पर देर रात गश्त के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दो हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना रात करीब 1:30 बजे की है, जब क्षेत्र में तैनात दो हेड कांस्टेबल रूटीन गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने कुछ युवकों को भारी मात्रा में शराब ले जाते हुए देखा। संदेह होने पर जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू की, तो युवक गाली-गलौज और बदतमीजी पर उतर आए। देखते ही देखते आरोपियों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
लाठी-डंडों से लैस होकर आए इन बदमाशों ने दोनों पुलिसकर्मियों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों जवानों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
थाना प्रभारी पारस मलिक का बयान
“अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और जानलेवा हमले की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की शिनाख्त के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द ही सभी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।”













