संभल में शराब के लिए रुपये न देने पर शराबी पति ने पत्नी को लाठी-डंडों और ईंट से बेरहमी से पीटा, हालत गंभीर

संभल

उत्तर प्रदेश के संभल जनपद के थाना जुनावई क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम असदपुर में घरेलू हिंसा का एक खौफनाक मामला प्रकाश में आया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के संभल जनपद के थाना जुनावई क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम असदपुर में घरेलू हिंसा का एक खौफनाक मामला प्रकाश में आया है। यहाँ शराब के लिए पैसे न देने पर एक कलयुगी पति ने मर्यादाओं को ताक पर रखकर अपनी ही पत्नी को लाठी-डंडों और ईंट से मारकर लहूलुहान कर दिया। लहूलुहान हालत में पीड़ित महिला ने किसी तरह भागकर पड़ोसियों के घर में छिपकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम असदपुर निवासी सुनीता देवी की शादी रोहतास नामक युवक के साथ हुई थी। पीड़िता सुनीता देवी ने पुलिस को दी तहरीर में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसका पति रोहतास बेहद शराबी किस्म का है। वह आए दिन अत्यधिक शराब पीकर घर में आता है और गाली-गलौज करते हुए परिवार में क्लेश पैदा करता है। आरोपी अक्सर सुनीता से शराब की लत पूरी करने के लिए पैसों की मांग करता है और जब वह पैसे देने से असमर्थता जताती है, तो वह उसे बेरहमी से मारता-पीटता है।

रात में नशे में धुत्त होकर आया, ईंट और लाठियों से किया हमला

पीड़िता के अनुसार, मंगलवार रात को रोहतास बुरी तरह शराब के नशे में धुत्त होकर घर पहुंचा। घर आते ही उसने फिर से रुपयों की मांग शुरू कर दी। जब सुनीता ने इसका कड़ा विरोध किया, तो गुस्से से आगबबूला होकर रोहतास ने घर में रखी लाठी और ईंट उठाकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में महिला के सिर, चेहरे और पूरे शरीर पर गंभीर व अंदरूनी चोटें आई हैं। चीख-पुकार के बीच सुनीता ने किसी तरह खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और भागकर एक पड़ोसी के घर में शरण ली, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को वाकये की जानकारी दी गई।

मासूम बच्चों की खातिर अब तक सहती रही जुल्म

घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी डायल 112 पुलिस और सरकारी एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गंभीर रूप से घायल महिला को जुनावई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज किया जा रहा है। बिलखती हुई पीड़िता ने बताया कि उसका पति पहले भी कई बार उसके साथ ऐसी दरिंदगी कर चुका है, लेकिन अपने तीन छोटे-छोटे मासूम बच्चों के भविष्य और लोक-लाज की खातिर वह अब तक सारे जुल्म खामोशी से सहती रही। अब जान का सीधा खतरा देखकर उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

इस पूरे मामले को लेकर जुनावई थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित महिला की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपी पति रोहतास की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.