बलिया में बकरीद को लेकर प्रशासन सख्त: सड़क पर नमाज पढ़ने पर रोक, शिफ्टवार इंतजाम और प्रतिबंधित कुर्बानी पर रहेगी पैनी नजर

बलिया

बलिया जनपद के आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) के त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बलिया जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद के आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) के त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बलिया जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। शनिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी (डीएम) मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी (शांति समिति) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसी भी मुख्य मार्ग, सड़क या सार्वजनिक स्थल पर नमाज नहीं पढ़ी जाएगी। यदि मस्जिदों या ईदगाहों में नमाजियों की संख्या क्षमता से अधिक होती है, तो प्रशासन और धर्मगुरु आपसी समन्वय बनाकर शिफ्टवार (अलग-अलग समय पर) नमाज अदा कराने की व्यवस्था करें। इसके साथ ही उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि क्षेत्र में किसी भी नई परंपरा की शुरुआत बिल्कुल नहीं होने दी जाएगी।

प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध

डीएम ने सभी उपजिलाधिकारियों क्षेत्राधिकारियों , अधिशासी अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कुर्बानी स्थलों का पहले से ही निरीक्षण कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

साफ-सफाई और पानी के टैंकरों की होगी व्यवस्था

त्योहार के मद्देनजर जिलाधिकारी ने नगर निकायों और पंचायती राज विभाग को निर्देशित किया कि सभी ईदगाहों, प्रमुख नमाज स्थलों और मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई के चाक-चौबंद इंतजाम किए जाएं। चूना और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव समय से पूरा हो। इसके अलावा, जिन स्थलों पर पानी की किल्लत की संभावना हो, वहां पहले से ही पानी के टैंकरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। बिजली विभाग को भी त्योहार के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

जिम्मेदार अधिकारियों की रही मौजूदगी

डीएम ने जिले के प्रबुद्ध और संभ्रांत नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और त्योहार को आपसी भाईचारे के साथ मनाकर प्रशासन का सहयोग करें। इस महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा सहित पुलिस व प्रशासनिक अमला और विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.