बलिया: 4 मई से शुरू होंगी पॉलिटेक्निक सेमेस्टर परीक्षाएं, बनाए गए 5 परीक्षा केंद्र

बलिया

बलिया जनपद के प्राविधिक शिक्षा परिषद से संबद्ध तकनीकी शिक्षण संस्थानों की सेमेस्टर परीक्षाएं जनपद में आगामी 4 मई से प्रारंभ होने जा रही हैं।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद के प्राविधिक शिक्षा परिषद से संबद्ध तकनीकी शिक्षण संस्थानों की सेमेस्टर परीक्षाएं जनपद में आगामी 4 मई से प्रारंभ होने जा रही हैं। 6 जून तक चलने वाली इन परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

दो पालियों में होगी परीक्षा

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम पाली सुबह 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा को निष्पक्ष, शुचितापूर्ण और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी कमर कस ली है।

इन केंद्रों पर होगी परीक्षा

जनपद में कुल 5 संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है:

राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बलिया

राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, जिगिरिसड़

टाउन पॉलिटेक्निक कॉलेज, बलिया

राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, बांसडीह

जननायक स्वर्गीय बाबू मैनेजर सिंह राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, बैरिया

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या नकल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाएं पूर्ण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Voice Of News 24