महराजगंज: बुआ की शादी की खुशियां मातम में बदलीं, जनरेटर की चपेट में आने से इकलौते मासूम की मौत

पनियरा

महराजगंज जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र के रसूलपुर टोले में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र के रसूलपुर टोले में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ अपनी बुआ की शादी में शामिल होने आए 9 वर्षीय मासूम की जनरेटर के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी मौत से शादी वाले घर में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कामता बुजुर्ग निवासी आत्माराम मौर्य का पुत्र आदित्य (9 वर्ष) अपनी बुआ की शादी में शामिल होने रसूलपुर आया था। सोमवार रात घर में शादी की रस्में चल रही थीं और बारात आने की तैयारी थी। इसी दौरान आदित्य अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खड़ी एक ट्रॉली के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह वहां रखे जनरेटर के संपर्क में आ गया और हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे के बाद परिजन आदित्य को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल ले गए, जहाँ से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बालक की नाजुक हालत को देखते हुए परिजन उसे गोरखपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुँचने पर उसे मृत घोषित कर दिया।

आदित्य कक्षा 4 का छात्र था और अपने दो बहनों बड़ी बहन सुनैना और छोटी बहन सरस्वती के बीच इकलौता भाई था। उसकी मां रीना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता आत्माराम मौर्य राजस्थान के एक स्टील प्लांट में नौकरी करते हैं, जो दो महीने पहले ही काम पर गए थे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही वह घर के लिए रवाना हो गए हैं।

पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। पंचनामा भरकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है।

 

 

Voice Of News 24