औरैया
औरैया जनपद के अजीतमल कोतवाली परिसर में सोमवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जहाँ तीन साल पुराने प्रेम संबंध में उपजे विवाद का अंत ‘शहनाइयों’ के साथ हुआ। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया जनपद के अजीतमल कोतवाली परिसर में सोमवार को एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जहाँ तीन साल पुराने प्रेम संबंध में उपजे विवाद का अंत ‘शहनाइयों’ के साथ हुआ। पुलिस की सकारात्मक पहल और दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के बाद प्रेमी युगल ने कोतवाली परिसर स्थित दुर्गा मंदिर में एक-दूसरे को जयमाला पहनाकर सात जन्मों के बंधन में बंधने का संकल्प लिया।

कोचिंग संस्थान में शुरू हुई थी प्रेम कहानी
जानकारी के अनुसार, बर्रा (कानपुर) निवासी विकास और अजीतमल के एलचीनगर की रहने वाली ज्योति की मुलाकात कानपुर के एक कोचिंग संस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों का परिचय प्रेम में बदल गया और यह सिलसिला करीब तीन वर्षों तक चला। दोनों ने विवाह का वादा भी किया था, लेकिन हाल ही में युवक द्वारा शादी से इनकार करने पर विवाद खड़ा हो गया।
पुलिस की मध्यस्थता और समझौता
युवक के इनकार के बाद युवती ने न्याय के लिए अजीतमल कोतवाली की शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया। पुलिस की काउंसलिंग और समझाने-बुझाने के बाद युवक अपनी गलती मानकर शादी के लिए राजी हो गया।
मंदिर में हुई रस्में, 12 को आएगी बारात
युवती पक्ष की तत्काल विवाह की मांग पर दोनों पक्षों की सहमति से कोतवाली परिसर के मंदिर में ही सादगीपूर्ण तरीके से जयमाला की रस्म अदा की गई। इस दौरान दोनों परिवारों के करीब एक दर्जन सदस्य मौजूद रहे। समझौते के अनुसार, शेष वैवाहिक रस्में आगामी 12 अप्रैल को पारंपरिक रीति-रिवाजों और धूमधाम के साथ संपन्न कराई जाएंगी।
क्षेत्र में पुलिस की इस मानवीय पहल की काफी सराहना हो रही है, जिसने एक टूटते हुए रिश्ते को कानूनी पेचीदगियों के बजाय आपसी समझदारी से नया जीवन दिया।
महराजगंज सोशल मीडिया पर फेमस होने का खुमार अब उम्र की सीमाएं लांघ चुका है। जनपद के कोल्हुई थाना क्षेत्र में युवाओं के साथ-साथ अब बुजुर्गों में भी खतरनाक स्टंट कर रील बनाने का जुनून सिर चढ़कर बोल रहा है।@Uppolice @maharajganjpol pic.twitter.com/REJjEmpBGe
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 6, 2026























