औरैया: सिपाही वीरपाल को राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई, पैतृक गांव में शोक की लहर

औरैया

औरैया जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपपुर गांव में अज शनिवार को एक गमगीन माहौल के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस के जांबाज सिपाही वीरपाल (40) को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपपुर गांव में अज शनिवार को एक गमगीन माहौल के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस के जांबाज सिपाही वीरपाल (40) को राजकीय सम्मान  के साथ अंतिम विदाई दी गई। बरेली में तैनात वीरपाल का शुक्रवार को हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से आकस्मिक निधन हो गया था, जिससे पुलिस महकमे और उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, वीरपाल वर्ष 2006 बैच के सिपाही थे और वर्तमान में बरेली जनपद में तैनात थे। पिछले 3 वर्षों से वे बरेली पुलिस लाइन में अपनी सेवाएं दे रहे थे। शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ने और हार्ट अटैक आने के कारण उनका निधन हो गया। शनिवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव रूपपुर पहुँचा, तो पूरे गांव में कोहराम मच गया।

सिपाही वीरपाल के अंतिम दर्शन के लिए क्षेत्रीय विधायक प्रदीप यादव और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुँचे। विधायक प्रदीप यादव और पुलिस टीम ने पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उत्तर प्रदेश पुलिस की टुकड़ी ने हवाई फायरिंग कर और शस्त्र झुकाकर अपने साथी को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया।

वीरपाल अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार में उनकी पत्नी संगीता और दो मासूम पुत्र शिवा (16 वर्ष) व छोटू (10 वर्ष) हैं। पिता के साये से महरूम हुए बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों और सगे-संबंधियों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

वीरपाल एक मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी के रूप में जाने जाते थे। उनकी अंतिम यात्रा में भारी संख्या में ग्रामीण और पुलिसकर्मी शामिल हुए। स्थानीय लोगों का कहना है कि वीरपाल का असमय चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ी क्षति है।

 

 

Voice Of News 24