सिद्धार्थनगर: ट्रेलर की चपेट में आने से दो बाइक सवार युवकों की दर्दनाक मौत, गांव में मातम

पथरा

सिद्धार्थनगर जनपद के पथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत टेडिया चौराहे के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के पथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत टेडिया चौराहे के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से हुए इस हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, पथरा थाना क्षेत्र के फुलवापुर गांव निवासी दो युवक अपनी बाइक से बांसी से पथरा बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे टेडिया चौराहे के समीप पहुँचे विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल ट्रेलर डुमरियागंज की ओर मोरंग गिराकर वापस बांसी की तरफ जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक सवारों को कुचल दिया।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पथरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने घेराबंदी कर दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रेलर को पकड़ लिया और उसे थाने ले आई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतकों की पहचान फुलवापुर निवासी युवकों के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस घटना के बाद से टेडिया चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है।

 

 

Voice Of News 24