बांसडीह
बलिया जनपद में गोंड अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही हीला-हवाली और शासनादेशों की अनदेखी के खिलाफ अब छात्रों और युवाओं ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद में गोंड अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही हीला-हवाली और शासनादेशों की अनदेखी के खिलाफ अब छात्रों और युवाओं ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। आगामी 30 मार्च 2026 (सोमवार) को बांसडीह तहसील परिसर में ‘घेरा डालो-डेरा डालो’ आंदोलन के तहत विशाल धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
इस आंदोलन की सफलता और जन-जागरूकता के लिए गुरुवार,को बांसडीह स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ‘गोंडवाना प्रचार वाहन’ को रवाना किया गया। पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक एवं टीडी कॉलेज के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नागेंद्र बहादुर सिंह ‘झुन्नू’ ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वरिष्ठ छात्र नेता नागेंद्र बहादुर सिंह झुन्नू ने कहा कि जब बलिया सदर तहसील में शासन के निर्देशों के अनुरूप प्रमाण पत्र सुगमता से जारी हो रहे हैं, तो बांसडीह तहसीलदार द्वारा 3 नवंबर 2021 के शासनादेश की घोर अवमानना क्यों की जा रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि तहसीलदार द्वारा बार-बार ऑनलाइन आवेदनों को निरस्त कर गोंड छात्र-नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
ऑल गोंडवाना स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आगसा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज शाह और संरक्षक अरविंद गोंडवाना ने संयुक्त बयान में कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया सुगम नहीं बनाई जाती, तब तक बांसडीह तहसील पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रचार वाहन रवानगी के दौरान प्रमुख रूप से आदित्य सिंह योगी, तहसील अध्यक्ष उमाशंकर गोंड, तारकेश्वर गोंड, रवि गोंड, विजेन्द्र गोंड, विशाल गोंड, छट्ठू गोंड, लल्लन गोंड, संजय गोंड, राजा गोंड, बिट्टू गोंड, विक्रम गोंड और प्रिंस गोंड सहित भारी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
फर्रुखाबाद: विधानसभा उप समिति की जाँच में बड़ा ‘खेल’, 17 में से 16 नक्शों में मिली भारी गड़बड़ीhttps://t.co/Tr0UsVkpVV
— Voice of News 24 (@VOfnews24) March 26, 2026






















