महराजगंज: 15 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, मां से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

महराजगंज

महराजगंज जनपद के सीमावर्ती क्षेत्र थाना बरगदवा अंतर्गत ग्राम सभा रामगढ़वा से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ कक्षा 8 की एक 15 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के सीमावर्ती क्षेत्र थाना बरगदवा अंतर्गत ग्राम सभा रामगढ़वा से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ कक्षा 8 की एक 15 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है।

भोजन को लेकर हुआ था विवाद

मृतका की पहचान रेशमा खातून 15 वर्ष पुत्री आलदीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बीते शाम को भोजन को लेकर रेशमा और उसकी मां के बीच कहासुनी हुई थी। अगले दिन सुबह जब मां खेत में मसूर की फसल काटने चली गई, उसी दौरान घर में अकेली रेशमा ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना का पता तब चला जब एक व्यक्ति खेत में भोजन देने के लिए घर पहुँचा और दरवाजा अंदर से बंद मिला। ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ा तो रेशमा का शव फंदे से लटकता मिला।

फॉरेंसिक टीम ने की जांच

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक अजीत कुमार और महराजगंज से आई फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मृतका के पिता दिल्ली में सिलाई का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि घर पर रेशमा अपनी मां और दो भाइयों के साथ रहती थी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

ग्रामीणों में चर्चा है कि किशोरी को अक्सर बेहोशी के दौरे भी पड़ते थे। फिलहाल, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस दुखद घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

Voice Of News 24