औरैया: हाईस्कूल की छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान, परीक्षा खत्म होने के 5 दिन बाद उठाया खौफनाक कदम

औरैया

औरैया जनपद के बिधूना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिरकुआ में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया जनपद के बिधूना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिरकुआ में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 10वीं कक्षा की एक छात्रा ने घर के अंदर फांसी के फंदे से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान खुशी (15) पुत्री इस्लाम के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, खुशी ने इसी वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा दी थी, जो 10 मार्च को ही संपन्न हुई थी। रविवार दोपहर करीब 12 बजे जब उसकी माँ खेत से काम कर घर लौटी, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो माँ ने पड़ोसियों की मदद से छत के रास्ते घर में प्रवेश किया। अंदर बेटी का शव फंदे से लटका देख कोहराम मच गया।

सूचना पर पहुँचे प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के वक्त पिता काम से बाहर गए थे। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। छात्रा की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Voice Of News 24