सिद्धार्थनगर: नाले में मिली किशोरी के शव की हुई पहचान, 3 फरवरी से लापता थी 16 वर्षीय अंशिका, रेप और हत्या की आशंका

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद कठेला समय माता थाना क्षेत्र के सीकरी नाले में गुरुवार को बरामद हुए अज्ञात किशोरी के शव की गुत्थी शुक्रवार को सुलझ गई है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद कठेला समय माता थाना क्षेत्र के सीकरी नाले में गुरुवार को बरामद हुए अज्ञात किशोरी के शव की गुत्थी शुक्रवार को सुलझ गई है। मृतका की पहचान 16 वर्षीय अंशिका के रूप में हुई है। शव की नग्नावस्था और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की गंभीर आशंका जताई है।

शुक्रवार को हुई शिनाख्त के अनुसार, अंशिका इसी थाना क्षेत्र के धोबहा पठान डीह टोला डिहवा की निवासी थी। परिजनों ने बताया कि अंशिका 3 फरवरी को अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो परिवार गहरे सदमे में था। शुक्रवार को जब शव की पहचान हुई, तो कोहराम मच गया। अंशिका के माता-पिता पटवारी और रेखा देवी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।

जानकारी के अनुसार बताते चले की गुरुवार को कठेला जुनूबी गांव के टोला पोखरभिटवा के ग्रामीण जब सीकरी नाले की ओर पशु चराने गए थे। तब उन्होंने नाले में मुंह के बल पड़ा एक नग्न शव देखा था। किशोरी का शव उसके घर से करीब 4 किलोमीटर दूर मिला, जो कई सवाल खड़े करता है।

घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष अभय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और सीओ शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने मौके पर पहुँचकर जांच की कमान संभाली।

साक्ष्य संकलन: फोरेंसिक टीम ने नाले के किनारे मिट्टी, घास-फूस और आसपास के क्षेत्र से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।पुलिस को घटनास्थल से अंशिका के कपड़े और जूते भी मिले जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है।

शव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों का मानना है कि यह कोई सामान्य मौत या दुर्घटना नहीं है। जिस तरह से शव नग्न अवस्था में नाले में मिला उससे रेप और हत्या की ओर इशारा मिल रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले के निष्पक्ष खुलासे और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और दुष्कर्म जैसी आशंकाओं की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस लापता होने से लेकर शव मिलने तक के घटनाक्रम और संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

Voice Of News 24