महराजगंज: नौतनवां के स्कूल में चोरों का तांडव, बच्चों के हक का राशन और मिड-डे-मील के बर्तन ले उड़े चोर

महराजगंज (नौतनवां)

महराजगंज जनपद में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे शिक्षा के मंदिरों को भी निशाना बना रहे हैं।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे शिक्षा के मंदिरों को भी निशाना बना रहे हैं। नौतनवां थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गोपलापुर में बीती रात अज्ञात चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर मिड-डे-मील  के सामान और राशन पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से अभिभावकों और विद्यालय प्रशासन में भारी रोष है।

कोहरे और ठंड का फायदा उठाकर वारदात

घटना 28/29 दिसंबर की रात की बताई जा रही है। प्रधानाध्यापक कृष्ण पाल सिंह चौधरी के अनुसार, सुबह जब स्कूल खुला तो किचन और कमरे के ताले टूटे मिले। अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था और रसोई पूरी तरह खाली हो चुकी थी। चोरों ने ठंड और कोहरे की आड़ में इस वारदात को अंजाम दिया।

चोरी हुए सामान की सूची

चोरों ने बच्चों के भोजन से जुड़ी हर छोटी-बड़ी चीज चोरी कर ली, जिनमें शामिल हैं, 2 गैस सिलेंडर, 2 चूल्हे, एक बड़ा ब्लूटूथ स्पीकर, 65 थाली, 65 गिलास, 3 बड़े भगौने, 10 लीटर का प्रेशर कुकर, कड़ाही और तवा,चावल से भरा कंटेनर और 2 लीटर खाद्य तेल।

बच्चों के निवाले पर संकट

प्रधानाध्यापक ने नौतनवां थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। चिंता की बात यह है कि शीतकालीन अवकाश (विंटर वेकेशन) के बाद जब स्कूल खुलेगा, तो बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करना एक बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि चोरों ने बर्तन से लेकर चूल्हे तक कुछ नहीं छोड़ा है।

ग्रामीणों में आक्रोश

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Voice Of News 24