बलरामपुर: उप निबंधक कार्यालय स्थानांतरण और स्टांप बढ़ोतरी के खिलाफ अधिवक्ताओं का प्रदर्शन जारी

बलरामपुर

बलरामपुर उप निबंधक कार्यालय के स्थानांतरण और स्टांप दरों में बढ़ोतरी के विरोध में बलरामपुर के अधिवक्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

बलरामपुर उप निबंधक कार्यालय के स्थानांतरण और स्टांप दरों में बढ़ोतरी के विरोध में बलरामपुर के अधिवक्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। संयुक्त बार संघ के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने सोमवार को मंडी समिति स्थित उप निबंधक कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की।

अधिवक्ता करीब एक सप्ताह से न्यायिक कार्यों से विरत हैं। वे रजिस्ट्री कार्यालय के स्थानांतरण को रोकने और स्टांप दरों में बढ़ोतरी को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर अधिवक्ता कई बार जिलाधिकारी से मिल चुके हैं, लेकिन कोई समाधान न निकलने पर उन्होंने मंडलायुक्त से भी गुहार लगाई थी। इसके बावजूद कोई कार्रवाई न होने से सोमवार को अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा।

संयुक्त बार संघ के नेतृत्व में अधिवक्ता स्थानांतरण किए गए उप निबंधक कार्यालय मंडी समिति पहुंचे और धरने पर बैठ गए। जिला बार अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह और दि कलेक्ट बार अध्यक्ष रमेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि अधिवक्ता झुकेंगे नहीं और हर हाल में उप निबंधक कार्यालय के स्थानांतरण को रुकवाना होगा, साथ ही स्टांप बढ़ोतरी को भी वापस लेना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले का निस्तारण नहीं हुआ तो अधिवक्ता उग्र आंदोलन करेंगे।

जिला बार महामंत्री केजी श्रीवास्तव और दि कलेक्ट बार महामंत्री कमलेश्वर सिंह ने बताया कि आज अधिवक्ता कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी का घेराव करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि स्थानांतरण और बढ़ोतरी नहीं रोकी गई तो संयुक्त बार के सभी सदस्य चक्का जाम करने को भी तैयार हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिवक्ता हमेशा जनता की लड़ाई लड़ते आए हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे।

इस अवसर पर युवा बार अध्यक्ष अनिल शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, पूर्व महामंत्री अशोक मिश्रा, आशुतोष तिवारी, आशीष सिंह, केजी गुप्ता, अतुल पांडेय, मोहित श्रीवास्तव, संजय पांडेय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

 

Voice Of News 24