मेरठ:कृषक इंटर कॉलेज में एक सफल मॉक ड्रिल का किया गया आयोजन

मेरठ

मेरठ जनपद के मवाना के कृषक इंटर कॉलेज में आज युद्ध जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एक सफल मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

मेरठ जनपद के मवाना के कृषक इंटर कॉलेज में आज युद्ध जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एक सफल मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। विद्यालय के राज्यपाल द्वारा पुरस्कृत प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम का आयोजन 73 यूपी बटालियन एनसीसी मवाना के कमान अधिकारी कर्नल मृदुल मित्तल के निर्देशन और उप कमान अधिकारी/प्रशासनिक अधिकारी कर्नल आशीष मोहन अग्रवाल के पर्यवेक्षण में किया गया।

प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य हालिया परिस्थितियों को देखते हुए भविष्य में किसी भी संभावित खतरे से बचाव के बारे में छात्रों और स्टाफ को जागरूक करना है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण आयोजन की सफलता के लिए एनसीसी बटालियन के समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

कर्नल मृदुल मित्तल ने कहा कि युद्ध के संभावित खतरे से निपटने में सेना के साथ-साथ आम जनता का जागरूक होना भी अत्यंत आवश्यक है, जिससे होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अन्य नागरिकों को भी जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कर्नल आशीष मोहन अग्रवाल ने मॉक ड्रिल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके माध्यम से देशवासियों को सुरक्षित रखते हुए जान-माल की क्षति को कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि एनसीसी कैडेट्स, जिन्हें द्वितीय रक्षा पंक्ति भी कहा जाता है, को इसी उद्देश्य से प्रशिक्षित किया जा रहा है। विद्यालय के छात्रों के साथ एनसीसी कैडेट्स का सामूहिक प्रशिक्षण समाज के एक बड़े वर्ग को प्रशिक्षित करने का एक सरल और प्रभावी तरीका है।

इस मॉक ड्रिल के दौरान कैडेट्स और छात्रों को सायरन बजने या युद्ध की आशंका होने पर अपना बचाव करने, ब्लैक आउट का पालन करने, खुले मैदानों से बचने और सुरक्षात्मक तरीके अपनाने का प्रशिक्षण दिया गया।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट चन्द्रप्रताप, केयर टेकर मोहित शर्मा, केयर शिवम त्यागी, सूबेदार चिन्मय दास, सूबेदार अशोक सोम, बीएचएम रणजीत सिंह और सैकड़ों एनसीसी कैडेट्स उपस्थित थे।

 

Voice Of News 24