शोहरतगढ़: श्री श्याम फाल्गुनोत्सव की भव्य निशान शोभा यात्रा निकाली गई

सिद्धार्थनगर

सोमवार को शोहरतगढ़ के नगर पंचायत बढ़नी में श्री श्याम फाल्गुनोत्सव के अवसर पर भव्य निशान शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

सोमवार को शोहरतगढ़ के नगर पंचायत बढ़नी में श्री श्याम फाल्गुनोत्सव के अवसर पर भव्य निशान शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा की शुरुआत राणी सती दादी मंदिर से हुई, जहां श्रद्धालुओं ने निशान की पूजा-अर्चना की और फिर यात्रा की शुरुआत हुई।

सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हाथों में निशान लेकर नंगे पांव नगर भ्रमण किया। इस दौरान रंगों की फुहार और फूलों की बरसात के बीच श्री श्याम के भक्ति गीत गूंजते रहे। यात्रा गोला बाजार, माल गोदाम, स्टेशन रोड, कस्टम रोड से होते हुए सीमा पार नेपाल के कृष्णनगर स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर पहुंची।

नेपाल में मंदिर में पहुंचकर श्याम भक्तों ने निशान को प्रभु के चरणों में समर्पित किया। यात्रा के दौरान डीजे पर भक्ति गीत बजते रहे, और श्रद्धालु ‘ये निशान खाटू वाले का’ और ‘आज श्याम सपने में आये’ जैसे गीतों पर झूमते रहे।

माल गोदाम तिराहे पर श्याम भक्तों को केसरिया गमछा भेंट कर सम्मानित किया गया। यह शोभा यात्रा हर साल श्री श्याम भक्त मंडल के तत्वावधान में आयोजित की जाती है, और इसमें भारत के साथ-साथ नेपाल के श्रद्धालु भी भाग लेते हैं। यह आयोजन भारत और नेपाल के रिश्तों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।कार्यक्रम में विधायक विनय वर्मा, चेयरमैन सुनील अग्रहरि, मुकेश गोयल, गुलाब चंद अग्रवाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Voice Of News 24