मऊ

मऊ जनपद के मधुबन कस्बा स्थित यूनियन बैंक की शाखा में शुक्रवार को पैसे निकालने आई 45 वर्षीय आंगनबाड़ी सहायिका की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

मऊ जनपद के मधुबन कस्बा स्थित यूनियन बैंक की शाखा में शुक्रवार को पैसे निकालने आई 45 वर्षीय आंगनबाड़ी सहायिका की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। महिला विड्रॉल फॉर्म भरकर लाइन में खड़ी थी, तभी अचानक बेहोश होकर बैंक परिसर में गिर पड़ी। आनन-फानन में लोग उन्हें सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
5,500 रुपये निकालने पहुंची थीं बैंक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर थाना क्षेत्र के मर्यादपुर गांव निवासी अनीता (45) पत्नी स्व. रामनवमी साहनी शुक्रवार को मधुबन कस्बे के यूनियन बैंक पहुंची थीं। वह बैंक से 5,500 रुपये की निकासी के लिए फॉर्म भरकर कतार में खड़ी थीं। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वह फर्श पर गिर पड़ीं।

सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बैंक में मौजूद स्थानीय लोगों व ग्राहकों की मदद से अनीता को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर मंडाव ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका अपने पीछे 6 वर्षीय मासूम बेटे आशीष को छोड़ गई हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
राज्य शिक्षक पुरस्कार विजेता डॉ. अजीत श्रीवास्तव का लालगंज में भव्य नागरिक अभिनंदन, शिक्षकों ने सराहाhttps://t.co/QPx5xH2vUp
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 25, 2026












