सिद्धार्थनगर: अल कायदा मॉड्यूल से जुड़े होने के आरोप में मकसूद कोयंबटूर से गिरफ्तार, तीन माह पहले काम की तलाश में निकला था घर से

सिद्धार्थनगर

आतंकी संगठन ‘अल कायदा इन इंडियन सब कॉन्टिनेंट’ (एक्यूआईएस) की विचारधारा से जुड़े होने के आरोप में तमिलनाडु के कोयंबटूर से सिद्धार्थनगर जनपद के बांसी कोतवाली क्षेत्र निवासी मकसूद अली (19) की गिरफ्तारी के बाद गांव और परिवार में सन्नाटा पसरा हुआ है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

आतंकी संगठन ‘अल कायदा इन इंडियन सब कॉन्टिनेंट’ (एक्यूआईएस) की विचारधारा से जुड़े होने के आरोप में तमिलनाडु के कोयंबटूर से सिद्धार्थनगर जनपद के बांसी कोतवाली क्षेत्र निवासी मकसूद अली (19) की गिरफ्तारी के बाद गांव और परिवार में सन्नाटा पसरा हुआ है। लखनऊ और तमिलनाडु एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे यकीन नहीं कर पा रहे कि उनका बेटा किसी ऐसे संगठन के संपर्क में आ सकता है।

प्रथम श्रेणी में पास की थी इंटरमीडिएट, मोबाइल की थी लत

मकसूद के परिजनों के मुताबिक, वह बांसी कोतवाली क्षेत्र के गोहनाडीह गांव के टोला मधवापुर का निवासी है। उसके चाचा सद्दाम हुसैन ने बताया कि मकसूद पढ़ाई में होशियार था और उसने इसी वर्ष बांसी के एक सरकारी स्कूल से प्रथम श्रेणी में इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वह ज्यादा घूमने-फिरने का शौकीन नहीं था, हालांकि उसे मोबाइल चलाने की गहरी लत थी। पूछने पर वह हमेशा पढ़ाई से जुड़ी चीजें देखने की बात कहता था। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि वह अक्सर ऑनलाइन गेम खेला करता था। आशंका जताई जा रही है कि वह ऑनलाइन गेमिंग के जरिए ही संदिग्ध तत्वों के संपर्क में आया होगा।

मुंबई से सूरत, फिर केरल होते हुए पहुंचा कोयंबटूर

इंटर पास करने के बाद तीन माह पूर्व मकसूद काम सीखने के लिए एक रिश्तेदार के जरिए मुंबई गया था। वहां बढ़ई का काम मन न लगने पर वह संपर्कों के जरिए सूरत चला गया। बांसी कोतवाल महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी के अनुसार, मकसूद जिस ठेकेदार के अधीन काम कर रहा था, उसने उसे बाद में केरल भेजा था। हालांकि, वह कोयंबटूर कैसे पहुंचा, यह जांच का विषय है। परिजनों को उसके कोयंबटूर में होने की खबर 14 सितंबर को गिरफ्तारी के बाद ही मिली।

सीमित पृष्ठभूमि का परिवार, कोई आपराधिक इतिहास नहीं

मकसूद के पिता अब्दुल कुद्दूस किसान हैं और मां गृहिणी हैं। पांच भाई-बहनों में मकसूद दूसरे नंबर पर है, जबकि पिता पिछले तीन वर्षों से पैर की गंभीर बीमारी से ग्रस्त हैं। परिवार की आजीविका बाबा शौकत अली के नाम दर्ज 6-7 बीघा खेती पर टिकी है।

पुलिस अधीक्षक का बयान

सिद्धार्थनगर के पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि मकसूद को एटीएस ने पकड़ा है और स्थानीय स्तर पर उसके पृष्ठभूमि की जांच कराई गई है। उसका यहां कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। जांच एजेंसी द्वारा जो भी सहयोग मांगा जाएगा, पुलिस उसे पूरा मुहैया कराएगी।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.