बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के दानपुर ब्लॉक अंतर्गत न्याय पंचायत जिरौली के ग्राम यबापुर निवासी सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान लायक राम (59 वर्ष) का ओडिशा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के दानपुर ब्लॉक अंतर्गत न्याय पंचायत जिरौली के ग्राम यबापुर निवासी सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान लायक राम (59 वर्ष) का ओडिशा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। वह वर्तमान में भुवनेश्वर क्षेत्र में तैनात थे। हादसा उस वक्त हुआ जब वह वर्दी पहनकर अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही जवान के पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
रिटायरमेंट में बचा था महज एक साल
स्वर्गीय दाताराम के पुत्र लायक राम ने अपने जीवन का लंबा समय देश की सीमा और सुरक्षा में समर्पित किया था। परिजनों के मुताबिक, दिसंबर 2027 में उनका रिटायरमेंट होना तय था। सेवानिवृत्ति में महज एक वर्ष का समय शेष था और पूरा परिवार उनके घर लौटने का इंतजार कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही इस अनहोनी ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे जैसे ही जवान के निधन की सूचना यबापुर पहुंची, पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। लायक राम अपने पीछे पत्नी रामवती देवी, तीन बेटे और एक अविवाहित बेटी को छोड़ गए हैं। घर के मुखिया और पिता का साया छिन जाने से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ढांढस बंधाने के लिए रात से ही ग्रामीणों और रिश्तेदारों का घर पर तांता लगा हुआ है।
गांव ने खोया कर्तव्यनिष्ठ सपूत
ग्रामीणों ने लायक राम को याद करते हुए कहा कि उन्होंने निष्ठा और समर्पण के साथ देश की सेवा की। उनके असामयिक निधन से गांव ने एक सच्चा देशभक्त और कर्तव्यनिष्ठ सपूत खो दिया है। पूरे क्षेत्र में गमगीन माहौल है और ग्रामीण दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को संबल देने की प्रार्थना कर रहे हैं।
#उत्तर प्रदेश शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए देर रात 34 प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल कर दिया है। pic.twitter.com/W7QGt1BuhD
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 14, 2026













