सोमवार के संयोग से हरतालिका तीज व्रत हुआ विशेष फलदायी, बाजारों और ब्यूटी पार्लरों में उमड़ा सुहागिनों का हुजूम

महराजगंज

अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु की कामना का महापर्व हरतालिका तीज जिले भर में पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

अखंड सौभाग्य और पति की दीर्घायु की कामना का महापर्व हरतालिका तीज जिले भर में पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष सोमवार के दिन व्रत का संयोग बनने से इसका धार्मिक महत्व और अधिक बढ़ गया है, क्योंकि सोमवार का दिन देवाधिदेव महादेव की आराधना को समर्पित माना जाता है। पर्व को लेकर सुहागिनों में खासा उत्साह है और बाजारों से लेकर ब्यूटी पार्लरों तक महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।

चतुर्थी के संयोग से शिव परिवार पूजन, चंद्र दर्शन रहेगा निषेध

ज्योतिषाचार्य पं अजय पांडेय के अनुसार, उदया तिथि के आधार पर हरतालिका तीज मनाई जा रही है। इस बार चतुर्थी तिथि का मिश्रण होने से भगवान शिव और माता पार्वती के साथ-साथ विघ्नहर्ता भगवान श्रीगणेश के पूजन का भी विशेष विधान बन रहा है।

पूजन का शुभ मुहूर्त: प्रदोष काल में शाम 05:30 बजे से 06:30 बजे तक पूजा का सर्वोत्तम समय रहेगा।

विशेष सावधानी: ज्योतिषाचार्य ने बताया कि तीज में चतुर्थी तिथि मिश्रित होने के कारण व्रती महिलाओं के लिए चंद्र दर्शन पूरी तरह वर्जित (निषेध) रहेगा।

कठोर निर्जला व्रत की परंपरा

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए वर्षों तक यह कठोर तप और निर्जला व्रत किया था। उसी परंपरा का निर्वहन करते हुए सुहागिन महिलाएं दिनभर निर्जला उपवास रखती हैं। शाम को बालू या मिट्टी के शिवलिंग व शिव परिवार की प्रतिमा बनाकर विधि-विधान से पूजन किया जाता है और सुहाग सामग्री का दान कर अखंड सौभाग्य की कामना की जाती है।

बाजारों में जबर्दस्त रौनक, सुहाग सामग्री की बंपर बिक्री

त्योहार को लेकर महराजगंज मुख्यालय समेत फरेंदा, नौतनवां और निचलौल के बाजारों में पिछले एक सप्ताह से भारी रौनक देखने को मिल रही है। कपड़े, जेवर, फल और सुहाग की दुकानों पर देर रात तक खरीदारी का दौर जारी रहा। कारोबारी शिव पटवा ने बताया कि इस बार पूजा थाली, कुमकुम, सिंदूर, मेहंदी, चूड़ी और आलता के कॉम्बो पैक की सबसे ज्यादा मांग रही। इसके अलावा ब्यूटी पार्लरों में भी महिलाओं और युवतियों की खासी भीड़ जुटी रही।

Voice Of News 24

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.