महराजगंज

महराजगंज जनपद के धानी ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगवा में सफाई व्यवस्था की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के धानी ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगवा में सफाई व्यवस्था की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। गांव में नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण कई स्थानों पर कूड़ा-कचरा जमा हो गया है, जिससे नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं। जलनिकासी बाधित होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है।
सड़कों पर गंदा पानी, बीमारियों का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सफाई कर्मचारी के नियमित न आने से नालियां गंदगी से पट गई हैं।रास्तों पर गंदा पानी और कीचड़ जमा रहने से पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों को निकलने में भारी दिक्कत हो रही है।लगातार जलभराव से आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय निवासियों ने सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कागजों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त दिखाई जा रही है, जबकि जमीनी हकीकत इसके उलट है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सफाई के नाम पर अनियमितताएं बरती जा रही हैं और संसाधनों का उचित उपयोग नहीं हो रहा है।
खंड विकास अधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग।
आक्रोशित ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि ग्राम सभा नगवा का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया जाए।जाम नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए और नियमित कूड़ा उठाने की व्यवस्था बने।सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।













