बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (FSDA) ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। विभाग की टीम ने शाम करीब 4 बजे थाना अरनिया क्षेत्र के गांव डाबर स्थित ‘श्री गणेश डेयरी एंड मिल्क प्रोडक्ट’ पर अचानक छापा मारकर बड़े पैमाने पर संचालित हो रहे मिलावटी पनीर के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया।
2 क्विंटल पनीर और 1500 लीटर दूध मौके पर नष्ट
छापेमारी के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके से भारी मात्रा में मिलावटी खाद्य सामग्री मिली। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने तुरंत कदम उठाया और लगभग 2 क्विंटल मिलावटी पनीर तथा 1500 लीटर मिलावटी दूध को मौके पर ही नष्ट करवा दिया। साथ ही गुणवत्ता की सटीक जांच के लिए पनीर के नमूने सील कर परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
कार्रवाई से फैक्ट्री संचालकों में मची भगदड़
FSDA की इस ताबड़तोड़ छापेमारी से इलाके के मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया। विभाग की सख्त कार्रवाई की भनक लगते ही आसपास संचालित कई अन्य पनीर और दूध डेयरी संचालक अपनी फैक्ट्रियों व दुकानों पर ताले जड़कर मौके से फरार हो गए।
दोषियों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई: सहायक खाद्य आयुक्त
सहायक खाद्य आयुक्त ममता चौधरी ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “संबंधित डेयरी से नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं और मिलावटी सामग्री को तुरंत नष्ट कराया गया है। लैब से रिपोर्ट प्राप्त होते ही दोषियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने यह भी संकेत दिया कि मिलावटखोरी के खिलाफ यह सघन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नवविवाहित युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, परिजनों में मचा कोहरामhttps://t.co/oWNhpNmEss
— Voice of News 24 (@VOfnews24) August 20, 2026





















