हापुड़
हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप भारी पड़ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज की प्रबंध समिति ने आरोपी प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है,पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

हापुड़ के बाबूगढ़ क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पर 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप भारी पड़ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज की प्रबंध समिति ने आरोपी प्रधानाचार्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, साथ ही उन्हें जबरन सेवानिवृत्त करने का निर्णय लिया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कार्यालय में बुलाकर की अशोभनीय हरकत
5 अगस्त को पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, प्रधानाचार्य ने छात्रा को अपने कार्यालय में बुलाया और चॉकलेट देने के बहाने अशोभनीय हरकत की। विरोध करने पर छात्रा को बदनाम करने व भविष्य खराब करने की धमकी दी गई। बाद में आरोपी ने उपहारों का लालच देकर मामला दबाने और फोन पर बातचीत करने का दबाव भी बनाया। प्रबंध समिति की बैठक में यह बात भी सामने आई कि पिछले दो वर्षों के भीतर छात्राओं के साथ ऐसी 5 घटनाएं घट चुकी हैं।
प्रधानाचार्य ने आरोपों को बताया षड्यंत्र
दूसरी ओर, आरोपी प्रधानाचार्य ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे प्रबंधक का षड्यंत्र बताया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 6 वर्षों के कार्यकाल के दौरान प्रबंधक से उनका विवाद चल रहा था और डेढ़ लाख रुपये देकर यह झूठी शिकायत दर्ज कराई गई है।
पुलिस व प्रशासन का रुख
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार, मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं कॉलेज प्रबंधक ने स्पष्ट किया कि अभिभावकों के भरोसे और छात्राओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा आरोपी द्वारा गलती स्वीकार करने पर ही यह कड़ी कार्रवाई की गई है
बुलंदशहर: ड्रैगन फ्रूट की खेती से किसान की चमकी किस्मत, 10 लाख के निवेश से हर साल लाखों की कमाई
— Voice of News 24 (@VOfnews24) August 7, 2026













