जौनपुर
जौनपुर जनपद के नगर पालिका प्रशासन की घोर लापरवाही और उदासीनता के कारण जौनपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के सकरमंडी अंतर्गत हरखपुर वार्ड (चितरसारी जाने वाला मार्ग) के निवासी इन दिनों नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

जौनपुर जनपद के नगर पालिका प्रशासन की घोर लापरवाही और उदासीनता के कारण जौनपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के सकरमंडी अंतर्गत हरखपुर वार्ड (चितरसारी जाने वाला मार्ग) के निवासी इन दिनों नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। क्षेत्र का मुख्य संपर्क मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है और नालियों की सफाई न होने से गंदा पानी सड़कों पर उफन रहा है। इस बदहाली के चलते मोहल्ले वासियों और राहगीरों में नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।
सड़कों पर बह रहा नाली का गंदा पानी, राहगीर बेबस
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, चितरसारी को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग लंबे समय से पूरी तरह टूटकर गड्ढों में तब्दील हो चुका है। रही-सही कसर ओवरफ्लो हो रही नालियों ने पूरी कर दी है। नाली चोक होने के कारण घरों से निकलने वाला दूषित और बदबूदार पानी सड़कों पर जमा हो गया है। मोहल्ले के लोगों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को इसी घुटने भर गंदे और संक्रामक पानी के बीच से होकर प्रतिदिन गुजरना पड़ रहा है, जिससे हर समय पैर की बीमारियां और महामारी फैलने का अंदेशा बना रहता है।
नगर पालिका प्रशासन तमाशबीन, शिकायतें बेअसर
मोहल्ले वासियों का आरोप है कि इस विकट समस्या को लेकर कई बार स्थानीय सभासद और नगर पालिका प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
“ऐसा लगता है कि नगर पालिका प्रशासन को जनता की दिक्कतों से कोई सरोकार नहीं है। टैक्स वसूलने के बावजूद नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं— जैसे साफ-सफाई और चलने लायक सड़क भी मयस्सर नहीं हो पा रही हैं।”
आंदोलन की चेतावनी
सड़क पर लगातार जलभराव रहने से आस-पास के दुकानदारों का व्यापार भी चौपट हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेकर नाली की सफाई नहीं कराई और जर्जर मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया, तो वे कड़ा रुख अपनाने और नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
धन उगाही के लिए बन गए “कलमकार”? UP गुण्डा नियंत्रण अधिनियम के तहत पत्रकार शिवम पाण्डेय के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई शुरू pic.twitter.com/EtpilWYwWb
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 16, 2026












