बुलंदशहर
बुलंदशहर :केन्द्रीय सहकारिता मंत्रालय के पांचवे स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार 6 जुलाई 2026 को जिला सहकारी बैंक शाखा धतारी पर ‘सहकार से समृद्धि’ कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं और डिजिटल साक्षरता के प्रति जागरूक करना तथा सहकारी बैंकों की योजनाओं को जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य महिला अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता सादिया अहमद ने किया। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक मो० शहीम खान, सचिव सोहनपाल सिंह, अतिथि शाबीब हसनैन, हरेन्द्र सिंह, खुर्शीद अहमद, कैशियर ईश्वर दयाल और बैंक समिति के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों ने भी भाग लिया।
सादिया अहमद ने मंच से महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं स्वयं आत्मनिर्भर बनें और खुद को सशक्त करें। उन्होंने खुद का व्यवसाय शुरू करने और प्रशिक्षण लेने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने लोगों से बचत करने और बैंक सेवाओं से जुड़े रहने का आह्वान किया।
सचिव सोहनपाल सिंह ने ऋणी कृषकों से अपील की कि वे अपना ऋण 365 दिन के भीतर जमा करें। शाखा प्रबंधक मो० शहीम खान ने कृषकों को आश्वस्त किया कि सहकारिता समाज के अंतिम छोर तक किसानों को सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सहकारी बैंक आमजन और किसान परिवारों को वित्तीय सहायता देकर उनके सपनों को साकार कर रहा है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यालय सहायक दिनेश चन्द शर्मा, महेश प्रसाद और अशोक शर्मा ने मुख्य भूमिका निभाई। इस अवसर पर लाखन सिंह, लाल सिंह पूर्व संचालक, सदस्य महेश चन्द शर्मा, प्रेम सिंह, रोबिन कुमार, देवीराम, सतीश शर्मा, कृपा शंकर शर्मा, अनोखी देवी, गुड्डी देवी, वचन सिंह, दुष्यन्त शर्मा, रामप्रसाद, ज्ञान सिंह, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।













