बुलंदशहर
बुलंदशहर जनता के टैक्स से बनी विकास की सड़क महज 4 महीने में ही खंडहर बन गई। गाजियाबाद-कानपुर संपर्क मार्ग से सिकंदराबाद-दनकौर रोड तक करीब ₹961.46 लाख की लागत से निर्मित सड़क को निर्माण के 4 महीने बाद ही जल निगम द्वारा तोड़े जाने का मामला सामने आया है। इस पर स्थानीय विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह सड़क विधायक लक्ष्मीराज सिंह के अनुरोध पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्वीकृति के बाद बनवाई गई थी। मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर विधायक ने इस मार्ग के निर्माण की मांग की थी। लेकिन विभागों में आपसी समन्वय के अभाव में नई सड़क को जल निगम ने खोद डाला।
सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही विधायक लक्ष्मीराज सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए जवाब-तलब किया। विधायक ने कहा कि “जनता के धन से कराए गए विकास कार्यों को बिना उचित समन्वय के क्षतिग्रस्त करना गंभीर लापरवाही है।”
विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क को शीघ्र गुणवत्ता के साथ पुनर्स्थापित किया जाए। साथ ही भविष्य के लिए सख्त हिदायत दी कि किसी भी विभाग द्वारा सड़क कटान या अन्य कार्य से पूर्व प्रशासन एवं संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति एवं समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
फिलहाल प्रशासन ने सड़क मरम्मत का आश्वासन दिया है। इस घटना से विभागीय लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है।













