बुलंदशहर: भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष के पुत्र को सरेराह मारी गोली,मंडी के पास बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग, हायर सेंटर रेफर

अनूपशहर

बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मंडी के समीप गुरुवार की शाम बाइक सवार दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने सरेराह एक युवक पर फायरिंग कर दी।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मंडी के समीप गुरुवार की शाम बाइक सवार दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने सरेराह एक युवक पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के पैर में लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष बीना शर्मा के पुत्र के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। इस घटना से क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।

पैतृक गांव से लौटते समय मंडी के पास हुआ हमला

मिली जानकारी के अनुसार अनूपशहर के खुशहालगढ़ रोड निवासी लोकेश शर्मा पुत्र विजय कुमार शर्मा गुरुवार की शाम को अपने पैतृक गांव राजपुर से मोटरसाइकिल द्वारा अनूपशहर लौट रहा था। वह जैसे ही नवीन मंडी के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली सीधे लोकेश के पैर में जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।

राहगीरों की सूचना पर तत्काल पहुंची अनूपशहर कोतवाली पुलिस ने घायल लोकेश को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर लगाया मिलीभगत का आरोप; 3 दिन पुराना विवाद आया सामने

अस्पताल परिसर में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब घायल लोकेश की बहन ने स्थानीय पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत के कारण ही हमलावरों के हौसले बुलंद हुए हैं।

इस वारदात के पीछे तीन दिन पुराना एक पारिवारिक और पड़ोस का विवाद सामने आ रहा है तीन दिन पूर्व दिल्ली दरवाजा मोहल्ला निवासी तोयश सैनी (पुत्र ललित सैनी) ने अनूपशहर कोतवाली में एक मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर में आरोप था कि घर के बाहर पटिया (चबूतरा) निकालने को लेकर हुए विवाद में लोकेश के परिवार के 6 लोगों ने उनके घर में घुसकर माता-पिता के साथ मारपीट की थी।

पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि कहीं इसी पटिया विवाद और दर्ज मुकदमे के प्रतिशोध में तो लोकेश पर यह जानलेवा हमला नहीं कराया गया है।

जांच में जुटे सीओ और कोतवाली प्रभारी

सत्तारूढ़ दल की पदाधिकारी के पुत्र पर गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक विकास प्रताप सिंह चौहान और अनूपशहर कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार दुबे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और चश्मदीदों से पूछताछ करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस उपाधीक्षक विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि घायल युवक का इलाज कराया जा रहा है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। घटना के हर पहलू और तीन दिन पहले हुए विवाद को केंद्र में रखकर जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार की तरफ से लिखित तहरीर मिलते ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

Voice Of News 24

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.