बुलंदशहर: NH-34 पर डीजल टैंकर और 22 चक्का ट्रेलर में भीषण भिड़ंत; केबिन काटकर 2 घंटे बाद निकाला गया चालक, इलाज के दौरान मौत, दो घायल

खुर्जा

बुलंदशहर जनपद के राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-34) पर गुरुवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक और भयावह सड़क हादसा सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

_

बुलंदशहर जनपद के राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-34) पर गुरुवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक और भयावह सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ इसनपुर गाँव में जीएसएस पब्लिक स्कूल के समीप लोहे के गर्डर  से लदे एक अनियंत्रित 22 चक्का भारी ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े डीजल टैंकर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसका चालक केबिन के मलबे में ही जिंदगी और मौत के बीच फंस गया। लगभग दो घंटे चले हाई-प्रोफाइल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं।

टायर बदल रहे डीजल टैंकर को पीछे से मारी जोरदार टक्कर

प्राप्त विवरण के अनुसार, यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 9:10 बजे उस समय हुआ जब अलीगढ़-बुलंदशहर मार्ग पर एक डीजल टैंकर का टायर अचानक पंचर हो गया था। चालक हाईवे के किनारे टैंकर को रोककर उसका अतिरिक्त टायर बदल रहा था।

इसी दौरान, पीछे से आ रहे लोहे के गर्डरों से लदे एक तेज रफ्तार 22 पहिया भारी ट्रेलर ने टैंकर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीजल टैंकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए सड़क के दूसरी ओर जाकर पलट गया और ट्रेलर सड़क किनारे खेतों में जा गिरा। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई।

क्रेन और गैस कटर की मदद से केबिन काटकर निकाला गया शव

हादसे में डीजल टैंकर में सवार चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों की मदद से तुरंत अस्पताल भिजवाया गया। वहीं, टक्कर मारने वाले ट्रेलर का अगला हिस्सा लोहे का मलबे में तब्दील हो गया था, जिसके भीतर चालक लहूलुहान हालत में फंसा रहा।

घटना की सूचना मिलते ही खुर्जा क्षेत्राधिकारी ) शोभित कुमार, स्थानीय थाना पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस और बचाव दल ने हाइड्रोलिक क्रेन और कटर की मदद से ट्रेलर के केबिन को भारी मशक्कत के बाद कटवाया और करीब 2 घंटे बाद चालक को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हाईवे पर लगा लंबा जाम, फायर ब्रिगेड ने टाला बड़ा खतरा

डीजल टैंकर के पलटने और सड़क पर भारी मात्रा में डीजल फैलने के कारण हाईवे पर सुरक्षा के लिहाज से यातायात को तुरंत रोक दिया गया। किसी भी संभावित विस्फोट या आग के खतरे को टालने के लिए फायर ब्रिगेड की टीमें पानी की बौछारों के साथ मौके पर मुस्तैद रहीं। इस दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

खुर्जा क्षेत्राधिकारी शोभित कुमार ने जानकारी देते कहा की गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे अलीगढ़ से बुलंदशहर मार्ग पर लोहे के गाटर से लदे एक ट्रक (ट्रेलर) ने आगे खड़े डीजल टैंकर को पीछे से टक्कर मार दी थी। हादसे में ट्रेलर का चालक केबिन में फंस गया था, जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों ने क्रेन की मदद से रेस्क्यू कर बाहर निकाला। अस्पताल में इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई है। घटना में दो अन्य लोग घायल हैं, जिनकी स्थिति फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर हाईवे को खाली करा लिया गया है। सड़क पर फैले डीजल को पूरी तरह साफ कराकर यातायात सुचारू कर दिया गया है। पुलिस मामले की विधिक जांच कर रही है।

Voice Of News 24

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error 403: The request cannot be completed because you have exceeded your quota..

Domain code: youtube.quota
Reason code: quotaExceeded

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.