सिकंदराबाद को बड़ी सौगात: विधायक लक्ष्मीराज सिंह के प्रयासों से बिलसुरी में 10.42 करोड़ से बनेगा आधुनिक ग्रामीण स्टेडियम, पहली किश्त जारी

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए एक बेहद शानदार और बड़ी खुशखबरी है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए एक बेहद शानदार और बड़ी खुशखबरी है। स्थानीय भाजपा विधायक लक्ष्मीराज सिंह के भगीरथ प्रयासों के बाद ग्राम बिलसुरी में एक भव्य और आधुनिक ग्रामीण स्टेडियम के निर्माण को शासन ने हरी झंडी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए कुल 10.42 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने के साथ ही, निर्माण कार्य को गति देने के लिए पहली किश्त के रूप में 5.21 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धनराशि भी अवमुक्त (जारी) कर दी गई है।

विधायक ने मुख्यमंत्री से की थी मांग, गिनाई थीं क्षेत्र की खेल प्रतिभाएं
स्टेडियम की पृष्ठभूमि की बात करें तो विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने 9 सितंबर 2024 को मुख्यमंत्री को एक पत्र भेजकर सिकंदराबाद क्षेत्र में खेल सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया था। उन्होंने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को अवगत कराया था कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की इस धरती से अनेक खेल प्रतिभाएं राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर चुकी हैं। इनमें महिला क्रिकेट विश्वकप में धमाल मचाने वाली बुलंदशहर की पार्शवी चोपड़ा और कुश्ती में तिरंगा लहराने वाली अनुष्का पंडित जैसी बेटियां शामिल हैं, जिन्होंने वैश्विक पटल पर देश का मान बढ़ाया है।

इसके अलावा, क्षेत्र के युवा बड़ी संख्या में भारतीय सेना में जाकर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं। पर्याप्त खेल मैदान और आधुनिक ट्रैक न होने के बावजूद यहाँ के युवाओं में अभूतपूर्व जज्बा है। विधायक ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया था कि स्टेडियम के निर्माण के लिए ग्राम बिलसुरी में पर्याप्त सरकारी भूमि भी रिक्त पड़ी है।

शासन स्तर से मिली वित्तीय स्वीकृति, जल निगम को मिली जिम्मेदारी
विधायक के पत्र का संज्ञान लेते हुए युवा कल्याण विभाग ने त्वरित कार्रवाई की और जिलाधिकारी (डीएम) बुलंदशहर से विस्तृत प्रस्ताव मांगा। सभी तकनीकी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद शासन के संयुक्त सचिव रमेश चन्द्र तिवारी ने कुल 1042.06 लाख रुपये (10.42 करोड़) की अंतिम स्वीकृति जारी कर दी।

इस भव्य स्टेडियम के निर्माण की जिम्मेदारी ‘सीएंडडीएस’ उत्तर प्रदेश जल निगम को सौंपी गई है। शासन ने कार्यदायी संस्था को कड़े निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता, उच्च गुणवत्ता और समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि परियोजना की लागत में कोई बढ़ोतरी न हो।

दिव्यांगजनों के अनुकूल होगा यह आधुनिक स्टेडियम
इस स्टेडियम की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसे भारत सरकार की के मानकों के तहत तैयार किया जा रहा है। इसका सीधा मतलब यह है कि यह पूरा परिसर दिव्यांग खिलाड़ियों और नागरिकों के लिए पूरी तरह सुगम (बाधारहित) और उनके अनुकूल होगा, ताकि वे भी बिना किसी असुविधा के अपनी खेल प्रतिभा को निखार सकें।

क्षेत्रवासियों और खिलाड़ियों के परिवारों में जश्न का माहौल
इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने कहा

“बिलसुरी में इस स्टेडियम का निर्माण क्षेत्र के हजारों युवाओं और खेल प्रेमियों का एक बड़ा सपना था, जो अब साकार होने जा रहा है। मैं इस सौगात के लिए माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव जी का दिल की गहराइयों से आभार प्रकट करता हूँ। मुझे पूरा विश्वास है कि इस आधुनिक मैदान से ट्रेनिंग लेकर जल्द ही बिलसुरी की धरती से देश को नए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और जांबाज सैनिक मिलेंगे।”

स्टेडियम को हरी झंडी मिलने की खबर से सिकंदराबाद के खेल संघों, युवा धावकों, नगरवासियों और खिलाड़ियों के परिवारों में जश्न का माहौल है और सभी ने मुख्यमंत्री व स्थानीय विधायक का धन्यवाद ज्ञापित किया है।

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.