सिकंदराबाद: स्मार्ट मीटर की दिक्कतों से मिलेगी निजात, बिजली विभाग के कैंप में उपभोक्ताओं को बड़ी राहत,अब पोस्टपेड मोड में आएगा बिल

सिकंदराबाद

बुलंदशहर जनपद के बिजली विभाग द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटरों के चलते उपभोक्ताओं को आ रही तकनीकी और आर्थिक परेशानियों को देखते हुए विभाग ने राहत की मुहिम शुरू की है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के बिजली विभाग द्वारा लगाए गए स्मार्ट मीटरों के चलते उपभोक्ताओं को आ रही तकनीकी और आर्थिक परेशानियों को देखते हुए विभाग ने राहत की मुहिम शुरू की है। इसी क्रम में शुक्रवार 15 मई को सिकंदराबाद स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पर एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया, जहां उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

रीचार्ज (प्रीपेड) सिस्टम से परेशान थे उपभोक्ता

गौरतलब है कि जब से बिजली विभाग द्वारा स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड (रीचार्ज) मोड पर संचालित किया जा रहा था, तभी से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश था। रीचार्ज खत्म होते ही अचानक बत्ती गुल हो जाने और मीटर की तेज रफ्तार के कारण जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे थे। जनआक्रोश का आलम यह था कि कई उपभोक्ताओं ने गुस्से में आकर अपने मीटर तक उखाड़ दिए थे और उन्हें विभाग के कार्यालयों में फेंक दिया था।

सीएम योगी के आदेश पर पुरानी ‘पोस्टपेड’ नीति बहाल

उपभोक्ताओं और किसानों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश के अनुपालन में अब स्मार्ट मीटरों में प्रीपेड सिस्टम को खत्म कर पुरानी व्यवस्था को बहाल किया जा रहा है। अब उपभोक्ताओं को मोबाइल की तरह एडवांस रीचार्ज कराने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि पहले की तरह ही हर महीने बिजली का बिल (पोस्टपेड) आएगा।

अधिशासी अभियंता ने दी विस्तृत जानकारी

कैंप के दौरान अधिशासी अभियंता (प्रथम) राहुल शर्मा ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए बताया कि “जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगे हैं, उन्हें अब परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उनका बिल अब पहले की तरह मासिक आधार पर (पोस्टपेड मोड) ही आएगा।

उन्होंने आगे जानकारी दी कि उपभोक्ताओं की जागरूकता और राहत के लिए आने वाले दिनों में नगर की चेंबर वाली धर्मशाला सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर भी विशेष कैंप लगाए जाएंगे, जहां उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया जाएगा।

कैंप में उपभोक्ताओं को दी गई जानकारी

इस विशेष कैंप के दौरान विभाग के अधिकारी दीपक नेगी और अश्वनी ने मौजूद किसानों व आम उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की नई नीति, उसके तकनीकी पहलुओं और सरकार द्वारा दी गई राहत के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विभाग के इस कदम से पिछले काफी समय से परेशान चल रहे बिजली उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है।

 

Voice Of News 24