स्याना: प्रचंड गर्मी पर भारी पड़ा किसानों का जोश; भाकियू अराजनैतिक के 5वें स्थापना दिवस पर उमड़ा जनसैलाब

स्याना

बुलंदशहर जनपद में मौसम के बदले मिजाज और आसमान से बरसती आग के बावजूद किसानों के हौसले डिगे नहीं।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद में मौसम के बदले मिजाज और आसमान से बरसती आग के बावजूद किसानों के हौसले डिगे नहीं। बुलंदशहर जनपद के कस्बा स्याना में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन का 5वां स्थापना दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। प्रचंड गर्मी और रिकॉर्ड तोड़ते तापमान को मात देते हुए कार्यक्रम स्थल पर हजारों किसानों का ऐतिहासिक सैलाब उमड़ पड़ा।

राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व की रही गरिमामयी उपस्थिति

स्थापना दिवस समारोह में संगठन के शीर्ष नेताओं ने शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर राजेश सिंह चौहान उपस्थित रहे। वहीं, अति विशिष्ट अतिथि के तौर पर प्रदेश अध्यक्ष चौधरी हरनाम सिंह वर्मा ने मंच की शोभा बढ़ाई। आयोजन स्थल पर पहुँचने पर स्थानीय किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों शीर्ष नेताओं का ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के साथ जोरदार स्वागत किया।

तपती दुपहरी में दिखा किसान एकता का जज्बा

भीषण और असहनीय गर्मी के बाद भी कार्यक्रम में पहुंचे किसानों की तादाद ने संगठन की जमीनी पकड़ को साबित कर दिया। मंच से किसान मसीहाओं ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए किसानों की ज्वलंत समस्याओं, फसलों के वाजिब दाम, कृषि नीतियों और संगठन की भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने हुंकार भरते हुए कहा कि किसान हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए तैयार है और इसके लिए किसान एकता को और अधिक मजबूत करना होगा।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने जताया आभार

कार्यक्रम के सफल और ऐतिहासिक आयोजन पर संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी मांगे राम त्यागी ने दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से आए सभी किसान भाइयों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि तपती धूप में भी किसान बिरादरी का यह जोश, समर्पण और जज्बा ही संगठन की असली ताकत है। उन्होंने अंत में पूरी किसान बिरादरी को नमन करते हुए अनुशासन के साथ कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए धन्यवाद दिया।

Voice Of News 24