सिद्धार्थनगर:बांसी थाना समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, जमीन विवादों को मौके पर निपटाने के सख्त निर्देश

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद में जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता के क्रम में आज शनिवार को बांसी कोतवाली में संपूर्ण थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद में जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता के क्रम में आज शनिवार को बांसी कोतवाली में संपूर्ण थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने खुद मोर्चा संभाला और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

मौके पर जाकर निस्तारण का अल्टीमेटम

जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने राजस्व विभाग के अधिकारियों और निरीक्षकों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि केवल कागजों पर खानापूर्ति न की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि भूमि विवाद, वरासत और बंटवारे से जुड़े मामलों में राजस्व टीमें मौके पर जाएं और दोनों पक्षों की मौजूदगी में सही निस्तारण सुनिश्चित करें नाली विवाद, चकमार्ग पर अतिक्रमण और जमीन के अवैध कब्जों के प्रकरणों को प्राथमिकता पर लिया जाए।

पुलिस-राजस्व संयुक्त टीम: जिलाधिकारी ने कहा कि जहाँ आवश्यकता हो, वहां पुलिस बल के साथ राजस्व टीम मौके पर पहुंचे ताकि कोई भी मामला लंबित न रहे।

फरियादियों से शांति की अपील

समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने आए हुए सभी शिकायतकर्ताओं से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि प्रशासन उनके साथ है और राजस्व अधिकारी/कर्मचारी मौके पर जाकर उनके प्रकरणों का समाधान करेंगे ताकि किसी को भी अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

इन अधिकारियों की रही मौजूदगी

पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने भी पुलिस अधिकारियों को शांति व्यवस्था और कानूनी पहलुओं पर निर्देश दिए। इस कार्यक्रम में थानाध्यक्ष बांसी, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल और अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।प्रशासन की इस सक्रियता से उम्मीद जगी है कि जिले में लंबे समय से लंबित पड़े जमीनी विवादों का जल्द पटाक्षेप होगा।

Voice Of News 24