हमीरपुर: शराब ठेके पर महिलाओं का ‘रणचंडी’ अवतार, सेल्समैन को दौड़ाया और सड़क पर बहा दी 23 पेटी शराब

हमीरपुर

हमीरपुर जनपद के ललपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहरापुर गांव में शराब के ठेके को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। गांव में ठेका खोले जाने से नाराज दर्जनों महिलाओं ने एकजुट होकर ठेके पर जोरदार धावा बोल दिया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

हमीरपुर जनपद के ललपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहरापुर गांव में शराब के ठेके को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। गांव में ठेका खोले जाने से नाराज दर्जनों महिलाओं ने एकजुट होकर ठेके पर जोरदार धावा बोल दिया। महिलाओं ने न केवल ठेके में तोड़फोड़ की, बल्कि वहां मौजूद शराब की पेटियों को सड़क पर फेंककर बहा दिया।

जान बचाकर भागा सेल्समैन

चश्मदीदों के अनुसार, महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर पहुंची थीं। उग्र भीड़ को देखकर ठेके पर मौजूद सेल्समैन अपनी जान बचाने के लिए मौके से भाग खड़ा हुआ। इसके बाद महिलाओं ने ठेके पर जमकर पथराव किया और अंदर रखी 23 पेटी देशी शराब बाहर निकाल ली। महिलाओं ने सभी बोतलों को तोड़कर शराब जमीन पर बहा दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

क्यों फूटा महिलाओं का गुस्सा?

गांव की महिलाओं का आरोप है कि गांव के बीचों-बीच शराब का ठेका होने से अराजकता बढ़ रही है। शराबी आए दिन गाली-गलौज और महिलाओं पर फब्तियां कसते हैं, जिससे उनका घर से निकलना दूभर हो गया है। ग्रामीणों ने कई बार इस ठेके को गांव से बाहर शिफ्ट करने की मांग की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही ललपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। ठेका संचालक की तहरीर और महिलाओं की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि ठेका स्थायी रूप से बंद नहीं हुआ, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।

 

Voice Of News 24