बांसी
सिद्धार्थनगर जनपद राप्ती नदी के पावन तट पर अचरावती के नाम से प्रसिद्ध रानी लक्ष्मी भक्त घाट के समीप स्थित प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ और माँ नवदुर्गा मंदिर जीर्णोद्धार कार्यक्रम का रविवार को भव्य भंडारे के साथ समापन हो गया।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद राप्ती नदी के पावन तट पर अचरावती के नाम से प्रसिद्ध रानी लक्ष्मी भक्त घाट के समीप स्थित प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय सहस्त्र चंडी महायज्ञ और माँ नवदुर्गा मंदिर जीर्णोद्धार कार्यक्रम का रविवार को भव्य भंडारे के साथ समापन हो गया। आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर इस अनुष्ठान में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुति दी।
यज्ञ के आयोजक पंडित इंद्रासन मिश्रा के सानिध्य में यह धार्मिक आयोजन बीती 28 मार्च को भव्य कलश यात्रा के साथ प्रारंभ हुआ था। पूरे नौ दिनों तक चले इस अनुष्ठान में देश के विभिन्न कोनों से आए 51 विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान से दुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया। अनुष्ठान के दौरान कुल 1111 पाठ संपन्न कराए गए, जिसकी पूर्णाहुति 5 अप्रैल को मंत्रोच्चार के साथ हुई।
आयोजक पंडित इंद्रासन मिश्रा ने यज्ञ की महिमा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि श्रीमद्देवी भागवत के अनुसार, दुर्गा सप्तशती के 1,000 पाठों के साथ किया जाने वाला यज्ञ सहस्त्र चंडी कहलाता है। यह अत्यंत दुर्लभ और शक्तिशाली वैदिक अनुष्ठान है जो महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती की संयुक्त ऊर्जा को जागृत करता है। यह महायज्ञ जीवन में समृद्धि, शत्रुओं पर विजय और नकारात्मक ग्रहों के दुष्प्रभावों से मुक्ति प्रदान करने वाला माना जाता है।
यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात रविवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बांसी नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। घी और विशेष हवन सामग्री की आहुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय और शुद्ध हो गया।
इस महान कार्य को सफल बनाने में रामकिंकर त्रिपाठी, ऋषि शुक्ला, विनय त्रिपाठी, अवनीश पांडे, रतन सेन डिग्री कॉलेज बांसी के प्रधानाचार्य कालिका प्रसाद, पंडित भोला पाठक और अनंत उपाध्याय सहित नगर पालिका के समस्त नगरवासियों का विशेष सहयोग रहा। सभी के सम्मिलित प्रयासों से यह आध्यात्मिक अनुष्ठान निर्विघ्न संपन्न हुआ।
औरैया : लहलहाती फसलों में झलक रही थी किसानों की कड़ी मेहनत,आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने मेहनत पर फेरा पानी, किसान बेहद ही परेशान
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 5, 2026






















