बलरामपुर
बलरामपुर जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और विकास की झलक दिखाने के लिए लगभग 20 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद ‘बलरामपुर महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलरामपुर जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और विकास की झलक दिखाने के लिए लगभग 20 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद ‘बलरामपुर महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। जिला प्रशासन ने इस ऐतिहासिक उत्सव की तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर महोत्सव का विस्तृत खाका पेश किया।
मुख्य विकास अधिकारी के अनुसार, यह तीन दिवसीय महोत्सव 3 से 5 अप्रैल, 2026 तक बलरामपुर के बड़ा परेड ग्राउंड में आयोजित होगा। प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में स्थानीय व राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
3 अप्रैल
शुभारंभ के अवसर पर मालविका हरिओम, हेमंत बृजवासी, कथक आधारित ‘रामायण नृत्य नाटिका’ और तृप्ति शाक्या की भजन संध्या मुख्य आकर्षण होंगी।
4 अप्रैल
इस दिन ‘बॉलीवुड नाइट’ में मशहूर गायक अल्ताफ राजा सुरों का जादू बिखेरेंगे। साथ ही ‘अखिल भारतीय कवि सम्मेलन’ में देश के प्रतिष्ठित कवि काव्य पाठ करेंगे।
5 अप्रैल
समापन पर ‘भोजपुरी नाइट’ सजेगी, जिसमें कल्पना पटवारी, कुलदीप चौहान और जतिन निगम अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ महोत्सव परिसर में बुक फेयर, विज्ञान प्रदर्शनी, आतिशबाजी शो, लकी ड्रा, बच्चों के झूले, फूड स्टॉल्स, पपेट शो और स्काई लालटेन शो जैसे विविध आकर्षण मौजूद रहेंगे।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार इस महोत्सव का हिस्सा बनें और अपनी सांस्कृतिक धरोहर को पुनर्जीवित करने के इस प्रयास को सफल बनाएं। यह आयोजन आस्था, आधुनिकता और मनोरंजन का एक अनूठा संगम साबित होगा।
Voice Of News 24: गुड माॅर्निंग डे स्पेशल – आज 1 अप्रैल का दिन क्यों है खास
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 1, 2026























