बुलंदशहर: गड्ढा मुक्ति के नाम पर करोड़ों का ‘खेल’! बनते ही उखड़ने लगी अनूपशहर-बुलंदशहर रोड; लखनऊ तक पहुँची शिकायत

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद में लोक निर्माण विभाग द्वारा चलाई जा रही गड्ढा मुक्ति मुहिम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद में लोक निर्माण विभाग द्वारा चलाई जा रही गड्ढा मुक्ति मुहिम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। अनूपशहर-बुलंदशहर मार्ग पर शनिवार को किए गए गड्ढा मुक्ति के कार्य ने विभागीय दावों की पोल खोल दी है। आलम यह है कि गड्ढे भरने के कुछ ही घंटों बाद रोड़ियाँ उखड़ने लगी हैं, जिसे लेकर क्षेत्र में भारी रोष है।

बिना तारकोल के भरी जा रही रोड़ी: ज्ञानेंद्र सिंह राघव

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के मंडल अध्यक्ष व कांग्रेस जिला कोऑर्डिनेटर ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, अनूपशहर-बुलंदशहर रोड पर सहकारी नगर से शिवाली के बीच शनिवार को गड्ढे भरने का काम किया गया, जहाँ मानकों की धज्जियां उड़ाते हुए बिना पर्याप्त तारकोल के ही केवल रोड़ी डालकर खानापूर्ति कर दी गई। परिणाम स्वरूप, सड़क बनने के साथ ही पुनः गड्ढों में तब्दील होने लगी है।

तकनीकी सलाहकार के निर्देश भी बेअसर

राघव ने बताया कि उन्होंने पिछले दिनों लखनऊ में मुख्यमंत्री के तकनीकी सलाहकार वी.के. सिंह से मिलकर अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत की थी। तकनीकी सलाहकार ने अधीक्षण अभियंता बुलंदशहर को फोन कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

वीडियो साक्ष्य के साथ कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी

ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने वर्तमान में हो रही घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग के फोटो और वीडियो अधीक्षण अभियंता को भेजकर तत्काल जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों के गठजोड़ से सरकारी धन का बंदरबांट किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही दोषियों पर कार्रवाई और सड़क की गुणवत्ता में सुधार नहीं हुआ, तो वे लखनऊ मुख्यालय जाकर दोबारा तथ्यों सहित शिकायत करेंगे और बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे।

 

Voice Of News 24