औरैया
औरैया जनपद के फफूँद थाना क्षेत्र के मिश्रीपुर गांव में मूंग की फसल की बुवाई कराने आए एक 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया जनपद के फफूँद थाना क्षेत्र के मिश्रीपुर गांव में मूंग की फसल की बुवाई कराने आए एक 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक सुबह अपनी चारपाई पर बेहोश मिला था, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है।
नींद में ही टूट गई सांसें
मृतक की पहचान गोविंद नगर निवासी शिवकांत दुबे (35) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, शिवकांत देर शाम अपनी मूंग की फसल की बुवाई के सिलसिले में मिश्रीपुर गांव आए थे। रात में भोजन के बाद वह घर में ही सो गए। अगले दिन सुबह 10 बजे तक जब वे बाहर नहीं निकले, तो उनके चचेरे भाई राहुल दुबे उन्हें जगाने पहुंचे। शिवकांत को चारपाई पर बेसुध पड़ा देख परिजन आनन-फानन में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शराब पीने की बात आई सामने
चचेरे भाई राहुल दुबे ने बताया कि शिवकांत रात में शराब पीकर घर आए थे और बेहोशी की हालत में सो गए थे। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब या किसी शारीरिक जटिलता के कारण उनकी मृत्यु हुई है। मृतक अपने पीछे एक 5 वर्षीय पुत्र आयांश और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वे खेती-किसानी के जरिए ही अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव का पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
बुलंदशहर: जिला सांस्कृतिक एवं औद्योगिक प्रदर्शनी का भव्य आगाज, राज्यमंत्री अरुण सक्सेना ने किया उद्घाटनhttps://t.co/3UHHAcRg6b
— Voice of News 24 (@VOfnews24) March 17, 2026

















