बुलंदशहर: होली और ईद को लेकर पुलिस सख्त; भूड़ चौराहे पर चला सघन चेकिंग अभियान

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के आगामी होली और ईद के त्योहारों के मद्देनजर जनपद में सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के आगामी होली और ईद के त्योहारों के मद्देनजर जनपद में सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देशन में शनिवार, 28 फरवरी 2026 को क्षेत्राधिकारी यातायात (CO Traffic) श्रीमती पूर्णिमा सिंह ने भूड़ चौराहे पर व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।

थाना कोतवाली देहात और क्रिटिकल कॉरिडोर टीम के साथ संयुक्त रूप से की गई इस कार्रवाई के दौरान मुख्य रूप से ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ (शराब पीकर वाहन चलाना) के विरुद्ध सख्ती बरती गई। सीओ ट्रैफिक ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर संदिग्ध वाहनों की जांच की और ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से चालकों की चेकिंग की।

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही, पुलिस टीम ने वाहन स्वामियों को हेलमेट लगाने, सीट बेल्ट बांधने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया। क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान हुड़दंग करने वालों और नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति अपनाई जाएगी।

 

Voice Of News 24