रसड़ा: तीन दिन से लापता 12 वर्षीय किशोर का खंडहर में मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

बलिया

बलिया जनपद के कोतवाली क्षेत्र के कोटवारी गांव में पिछले तीन दिनों से लापता एक किशोर का शव शनिवार दोपहर गांव के ही एक सुनसान खंडहर मकान में मिलने से सनसनी फैल गई। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलिया जनपद के कोतवाली क्षेत्र के कोटवारी गांव में पिछले तीन दिनों से लापता एक किशोर का शव शनिवार दोपहर गांव के ही एक सुनसान खंडहर मकान में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खलील अहमद के 12 वर्षीय पुत्र रिजवान के रूप में हुई है। शव की स्थिति को देख परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

क्या है पूरा मामला?

रिजवान बीते 18 फरवरी 2026 से संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता था। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कहीं पता नहीं चला, तो उसकी माता शेरून निशा ने रसड़ा कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार दोपहर रिजवान का बड़ा भाई रोशन तलाश करते हुए मोहम्मद हनीफ के पुराने खंडहर मकान में पहुँचा, जहाँ वर्षों से कोई नहीं रहता था। वहाँ रिजवान का शव पड़ा देख उसके होश उड़ गए।

संदिग्ध हालत में मिला शव

घटनास्थल पर पहुँचे ग्रामीणों के अनुसार, मृतक के नाक और मुँह से खून निकला हुआ था, जो किसी अनहोनी या संघर्ष की ओर इशारा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल, पूरे गांव में मातम का माहौल है।

 

Voice Of News24