मऊ: बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत नाजुक

मऊ

मऊ जनपद के थाना दक्षिण टोला क्षेत्र अंतर्गत डोमनपुरा मुहल्ले में सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना सामने आई है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


मऊ जनपद के थाना दक्षिण टोला क्षेत्र अंतर्गत डोमनपुरा मुहल्ले में सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना सामने आई है। यहाँ बहन से छेड़खानी के विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। घायल युवक की पहचान 27 वर्षीय बृजमोहन के रूप में हुई है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटनाक्रम के अनुसार, गुरुवार रात करीब 11 बजे बृजमोहन अपने घर जा रहा था। तभी रास्ते में मुहल्ले के ही रत्नेश ने उसे रोककर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि रत्नेश ने बृजमोहन के गले और पीठ पर चाकू से कई वार किए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को जिला अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च केंद्र रेफर कर दिया, जहाँ एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए घायल के भाई चंद्रमोहन की तहरीर पर आरोपी रत्नेश के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

 

 

Voice Of News 24