सिद्धार्थनगर :संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, इलाके में सनसनी

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के भलुही गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 28 वर्षीय युवक का शव गांव के बाहर एक पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पाकड़ के पेड़ से लटकता मिला शव

यह घटना सोमवार भोर में प्रकाश में आई, जब भलुही गांव के पूरब स्थित पीडब्ल्यूडी सड़क के निकट, एक मंदिर के पास, शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने एक पाकड़ के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटकता हुआ शव देखा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए।

मृतक की पहचान भलुही गांव निवासी बुधिराम निषाद (पुत्र भारत निषाद) के रूप में हुई। ग्रामीणों ने तत्काल उसके माता-पिता को घटना की जानकारी दी।

पारिवारिक पृष्ठभूमि और अंतिम बातचीत

मृतक के माता-पिता के अनुसार, बुधिराम अपनी पत्नी रंजना के साथ मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के गोनरा गांव स्थित अपनी ससुराल में रहता था। लगभग दो माह पूर्व वह पत्नी से नाराज होकर पैतृक गांव भलुही लौट आया था।

हाल ही में, बुधिराम ने अपने पिता से ई-रिक्शा खरीदने की इच्छा जताई थी, जिसके लिए पिता ने खेत बेचकर उसे थ्री-व्हीलर ई-रिक्शा खरीद कर दिया था। बुधिराम उसी रिक्शे को चलाकर अपना जीवन यापन कर रहा था।

परिजनों के अनुसार, रविवार देर शाम बुधिराम यह कहकर घर से निकला था कि उसे चेतिया में चार सवारियां छोड़कर बांसी से खाद लेने जाना है। उसने बताया था कि उसे घर लौटने में रात हो जाएगी। माता-पिता सो गए थे, और सोमवार सुबह ग्रामीणों से मिली सूचना ने पूरे परिवार में कोहराम मचा दिया।

फोरेंसिक टीम ने की जांच, पुलिस ने लिया शव कब्जे में

घटनास्थल पर मृतक के माता-पिता के अलावा, उसकी पत्नी रंजना भी अपने मायके वालों के साथ पहुंची। परिवार के सदस्य शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोने लगे।

सूचना मिलने पर निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जिले से फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और सभी पहलुओं की गहनता से जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

 

Voice Of News 24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.