सिद्धार्थनगर: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर.ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, मिड-डे मील और व्यवस्था पर सवाल

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठे हैं।आज मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने शोहरतगढ़ विकासखंड के परसिया क्षेत्र में कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

सिद्धार्थनगर जनपद में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठे हैं।आज मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने शोहरतगढ़ विकासखंड के परसिया क्षेत्र में कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें स्कूलों की बदहाल व्यवस्था और मिड-डे मील की खराब गुणवत्ता देखकर हैरानी हुई।

कंपोजिट विद्यालय में मिली खामियां

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले कंपोजिट विद्यालय परसिया पहुंचे। यहां उन्होंने मिड-डे मील की गुणवत्ता जांचने के लिए खुद खाना खाया। खाने का स्वाद खराब था, और बच्चे भी इसे खाने से कतरा रहे थे। इसके अलावा, स्कूल परिसर में साफ-सफाई का भी अभाव था। इस पर जिलाधिकारी ने सख्त नाराजगी जताते हुए प्रधानाध्यापक मधुलिखा खरे को नोटिस जारी करने का आदेश दिया।

कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की बदहाली

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की स्थिति और भी ज्यादा खराब मिली। यहां कक्षा 6 और 7 की छात्राओं को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल रही थीं। कई छात्राएं बिना ड्रेस और जूते-मोजे के स्कूल आ रही थीं, जबकि सरकार हर साल इन चीजों को देने का दावा करती है।

दोपहर के भोजन में छात्राओं को केवल सूखी सब्जी, चावल और दाल परोसी जा रही थी। रायता और सलाद जैसे पौष्टिक आहार गायब थे। भंडारण कक्ष में भी गंदगी और अव्यवस्था का अंबार था।

जिलाधिकारी ने इस लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए खंड शिक्षा अधिकारी शोहरतगढ़ से स्पष्टीकरण मांगा है। इसके साथ ही, वार्डन नीलम चतुर्वेदी, मृदुलेश, रूबी यादव, सरिता, प्रीती जायसवाल, चंदा कुमारी और लेखाकार विनय कुमार सिंह को नोटिस जारी किया गया है।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने यह साफ कर दिया कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर शिक्षा विभाग के दावों और जमीनी हकीकत के बीच के बड़े अंतर को उजागर कर दिया है।

 

Voice Of News 24