Voice Of News 24
10 Jul 2024 11:33 AM
UP के आगरा–लखनऊ एक्सप्रेस वे पर जिला उन्नाव में डबल डेकर बस और दूध टैंकर की भिड़ंत हुई।बस बिहार के सीवान से दिल्ली जा रही थी.पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅयस ऑफ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई.जानकारी के मुताबिक, डबल डेकर बस (UP95 T 4720) बिहार के मोतिहारी से दिल्ली आ रही थी. जब बस सुबह करीब 5.15 बजे उन्नाव के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव के सामने पहुंची तभी पीछे से तेज रफ्तार दूध से भरे टैंकर ने ओवरटेक किया और इसी दौरान बस से टक्कर हो गई. यह हादसा इतना भीषण था कि डबल डेकर बस के परखच्चे उड़ गए. जहां हादसा हुआ, उस जगह लाशों का अंबार लग गया. तड़के हुए इस हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
उन्नाव में बांगरमऊ के क्षेत्राधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि जिले में बुधवार को लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली जा रही स्लीपर बस बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में हवाई पट्टी पर टैंकर से टकरा गई। हादसे 18 लोगों की मौत हो गई और 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा, उन्नाव में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.

















