जौनपुर

सीबीएसई बोर्ड द्वारा प्रयागराज में आयोजित राष्ट्रीय जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट के चयन परिणाम को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

सीबीएसई बोर्ड द्वारा प्रयागराज में आयोजित राष्ट्रीय जोनल क्रिकेट टूर्नामेंट के चयन परिणाम को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जौनपुर के एक युवा खिलाड़ी ने चयन प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितता और मनमानी का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पीड़ित पक्ष ने खेल मंत्री से मिलकर शिकायत दर्ज कराने और न्याय न मिलने पर न्यायालय की शरण लेने की चेतावनी दी है।
2000 खिलाड़ियों के बीच टॉप-5 में बनाई थी जगह
जानकारी के मुताबिक, टूर्नामेंट का आयोजन प्रयागराज स्थित विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल में हुआ था, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के करीब 2000 बाल खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। प्रतियोगिता में डॉ. रिजवी लर्नर्स एकेडमी, जौनपुर के छात्र यूसुफ फराज खान (पुत्र डॉ. सरफराज खान, निवासी जफराबाद) ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर टॉप-5 में जगह बनाकर प्रतिभाग किया था।
पहली लिस्ट से गायब नाम सीधे दूसरी लिस्ट में शामिल: आरोप
पीड़ित खिलाड़ी यूसुफ फराज खान का आरोप है कि चयन प्रक्रिया के बाद जारी परिणाम सूची में भारी फेरबदल किया गया। आरोप के अनुसार, मूल प्रतिभागी सूची (पहली लिस्ट) में जिन बच्चों के नाम शामिल नहीं थे, उन्हें परिणाम की दूसरी सूची (सेकेंड लिस्ट) में सीधे जगह दे दी गई।
शिकायतकर्ता ने सीरियल नंबर 630, 743, 746, 1033, 1037, 1263 और 1451 का हवाला देते हुए बताया कि ये ऐसे प्रतिभागी हैं, जिनका नाम पहली सूची में कहीं दर्ज नहीं था, लेकिन दूसरी परिणाम शीट में उन्हें नियमों को ताक पर रखकर शामिल कर लिया गया।
खेल मंत्री से गुहार और कोर्ट जाने की तैयारी
पीड़ित खिलाड़ी और उनके परिजनों ने खेल उप निदेशक (डिप्टी डायरेक्टर स्पोर्ट्स) मनजीत सिंह, ऑब्जर्वर अमर जीत और विष्णु भगवान पब्लिक स्कूल, प्रयागराज के प्रबंधक अभिषेक तिवारी पर मिलीभगत और मनमानी का आरोप लगाया है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे इस पूरे फर्जीवाड़े और धांधली के खिलाफ जल्द ही उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपेंगे और प्रकरण की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि खेल विभाग से न्याय नहीं मिला, तो वे अपने हक और निष्पक्षता की लड़ाई के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत; मची चीख-पुकार pic.twitter.com/Xfxy5YnoS4
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 24, 2026













