महराजगंज

महराजगंज जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महराजगंज पुलिस ने स्कूल वाहनों के खिलाफ कड़ा चेकिंग अभियान चलाया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सुरक्षित आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महराजगंज पुलिस ने स्कूल वाहनों के खिलाफ कड़ा चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में विद्यालयों से संचालित होने वाली बसों और वैनों की व्यापक जांच की गई।
विशेष जांच अभियान के तहत पुलिस टीमों ने विभिन्न स्कूलों के वाहनों को रोककर उनके तकनीकी व सुरक्षा मानकों की गहन पड़ताल की। इस दौरान वाहनों की फिटनेस प्रमाण पत्र, वैध बीमा, वाहन से जुड़े आवश्यक वैध अभिलेख, प्राथमिक उपचार किट (फर्स्ट एड बॉक्स) तथा अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता की बारीकी से जांच की गई। साथ ही चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति भी परखी गई।
अभियान के दौरान जिले भर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से संबंधित कुल 462 स्कूल बसों एवं वैनों की जांच की गई। सघन पड़ताल के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने तथा सुरक्षा मानकों पर खरे न उतरने वाले 63 स्कूली वाहनों के विरुद्ध चालान की विधिक कार्रवाई अमल में लाई गई।
पुलिस प्रशासन ने सभी विद्यालय संचालकों, वाहन स्वामियों और चालकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अपने वाहनों के फिटनेस, बीमा और सभी तकनीकी दस्तावेज सदैव अद्यतन रखें। इसके अलावा स्कूली वाहनों में सभी अनिवार्य सुरक्षा उपकरण दुरुस्त रखने की सख्त हिदायत दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मासूम बच्चों की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
सोनौली सीमा पर 600 ग्राम चरस के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार, दिल्ली-शिमला भेजने की थी तैयारीhttps://t.co/sPCABHK0Qm
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 23, 2026












