बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के पहासू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमरपुर में विद्युत विभाग की घोर लापरवाही ने एक और जान ले ली।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के पहासू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमरपुर में विद्युत विभाग की घोर लापरवाही ने एक और जान ले ली। घर के बाहर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आने से 45 वर्षीय पूर्व फौजी विल्सन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं बार-बार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।
लोहे का पाइप ले जाते समय हुआ हादसा
मृतक के पुत्र प्रशांत ने बताया कि उनके पिता विल्सन (45 वर्ष) लोहे का पाइप लेकर घर आ रहे थे। घर के बिल्कुल करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइन काफी नीचे लटकी हुई थी। इसी दौरान लोहे का पाइप अचानक हाईटेंशन तार से छू गया, जिससे पूरे पाइप में तेज करंट दौड़ गया और विल्सन गंभीर रूप से झुलस गए। तेज धमाके और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन अत्यधिक करंट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
विद्युत विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में उबाल
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में जर्जर और नीची लटकी हाईटेंशन लाइनें लगातार यमदूत साबित हो रही हैं, लेकिन शिकायत के बावजूद अधिकारी बेपरवाह बने हुए हैं।
गौरतलब है कि पहासू क्षेत्र में बिजली विभाग की उदासीनता से लगातार हादसे हो रहे हैं:
महज एक सप्ताह पूर्व गांव लालनेर में 8 वर्षीय मासूम बच्ची करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
वहीं, गांव अलीपुर में स्कूल से घर लौट रहे मासूम भाई-बहन के ऊपर हाईटेंशन तार टूटकर गिरने से दोनों बच्चे बुरी तरह झुलस चुके हैं।
जांच और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र में खतरनाक ढंग से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की तत्काल जांच कराई जाए और उन्हें आबादी से दूर या सुरक्षित ऊंचाई पर किया जाए। मामले को लेकर थाना प्रभारी पहासू अमित कुमार ने बताया कि घटना संज्ञान में है। पुलिस को अभी तक परिजनों की तरफ से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सोनौली सीमा पर 600 ग्राम चरस के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार, दिल्ली-शिमला भेजने की थी तैयारीhttps://t.co/sPCABHK0Qm
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 23, 2026












