महराजगंज

महराजगंज जनपद के सदर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बागापार के लक्ष्मीपुर टोले में बदहाल सड़क और जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के सदर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बागापार के लक्ष्मीपुर टोले में बदहाल सड़क और जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया है। नारकीय जीवन जीने को मजबूर ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा और टोले में पक्की सड़क व जलनिकासी के लिए नाली निर्माण कराने की पुरजोर मांग की।
30 साल पहले बिछा था खड़ंजा, अब गड्ढों में तब्दील
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि लगभग तीन दशक (30 वर्ष) पूर्व इस मार्ग पर खड़ंजा लगाया गया था। लंबे समय से मरम्मत और पुनर्निर्माण न होने के कारण यह सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है और गहरे-गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई है। बारिश के दिनों में यह गड्ढे पानी और कीचड़ से लबालब भर जाते हैं, जिससे ग्रामीणों का पैदल निकलना तक दूभर हो जाता है।
नाली न होने से घरों के सामने बहता है गंदा पानी
टोले में जलनिकासी के लिए नाली का कोई प्रबंध न होने से समस्या और भयावह हो गई है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी रास्तों और खाली जगहों पर जमा रहता है। लंबे समय तक होने वाले इस जलभराव के चलते क्षेत्र में मच्छरों का भारी प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक और मौसमी बीमारियों के फैलने की गंभीर आशंका बनी हुई है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में रोजाना भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है।
आबादी बढ़ी पर विकास रहा ठप, स्थलीय निरीक्षण की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि बीते तीन दशकों में गांव की आबादी और आवागमन कई गुना बढ़ गया, लेकिन इस बुनियादी रास्ते की सुध किसी ने नहीं ली। समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले को जनहित से जुड़ी गंभीर समस्या मानते हुए मौके पर प्रशासनिक टीम भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराया जाए तथा संबंधित कार्यदायी संस्था को सड़क एवं आरसीसी नाली निर्माण के लिए तुरंत निर्देशित किया जाए।
ज्ञापन सौंपने में ये लोग रहे शामिल
इस दौरान प्रमुख रूप से सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन, उमेश चंद मिश्र, रणविजय चौधरी, विजय वर्मा, हरेंद्र कुमार, दिवाकर वर्मा, दीपक वर्मा, दिलीप वर्मा, रामवतार, कमालुद्दीन, सोनू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
सोनौली सीमा पर 600 ग्राम चरस के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार, दिल्ली-शिमला भेजने की थी तैयारीhttps://t.co/sPCABHK0Qm
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 23, 2026












