लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी जनपद के गोला वनरेंज के रायपुर बीट अंतर्गत पड़रिया तुला गांव में मगरमच्छ की मौजदूगी से ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों में भारी भय का माहौल है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

लखीमपुर खीरी जनपद के गोला वनरेंज के रायपुर बीट अंतर्गत पड़रिया तुला गांव में मगरमच्छ की मौजदूगी से ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों में भारी भय का माहौल है। शारदा नदी व आसपास के तालाबों से निकलकर मगरमच्छ अब लगातार आबादी वाले क्षेत्रों और मुख्य कच्चे रास्तों तक पहुंच रहे हैं।
6 गांवों को जोड़ने वाले मुख्य रास्ते पर देखा गया मगरमच्छ
शनिवार सुबह गुरुद्वारा से पहाड़ापुर को जोड़ने वाले कच्चे संपर्क मार्ग पर एक विशालकाय मगरमच्छ दिखाई दिया। यह मार्ग पहाड़ापुर, चौखड़ा, चौखड़िया, गोंधिया और पिपरिया समेत करीब आधा दर्जन गांवों को आपस में जोड़ता है। रोजाना किसान और पशुपालक इसी रास्ते से खेतों व चारागाहों की ओर जाते हैं। मगरमच्छ को अचानक रास्ते पर देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने इसका वीडियो भी बना लिया।
अनेक पशुओं को बना चुका है शिकार, बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
स्थानीय निवासी अश्वनी यादव ने बताया कि इस रास्ते पर मगरमच्छ दिखने की यह कोई पहली घटना नहीं है। यह मगरमच्छ अक्सर रास्ते पर घूमता रहता है और अब तक कई बेसहारा मवेशियों को अपना निवाला बना चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूली बच्चों और परिजनों में हर समय किसी अनहोनी का डर बना रहता है। इस संबंध में वन विभाग को कई बार सूचना दी जा चुकी है।
जाल बिछाकर रेस्क्यू करने की तैयारी में वन विभाग
वन दरोगा नरेश कुमार ने मगरमच्छ के दिखाई देने की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भेजी जाती है, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही मगरमच्छ पास के तालाबों या गन्ने के घने खेतों में ओझल हो जाता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही क्षेत्र में जाल बिछाकर मगरमच्छ को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जाएगा और आबादी से दूर शारदा नदी में छोड़ दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने की गश्त और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग
संवेदनशील स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूली बच्चों के आने-जाने के समय इस मार्ग पर वनकर्मियों की गश्त बढ़ाई जाए तथा तटीय व जोखिम वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि कोई हादसा न हो।
सरयू के घटते जलस्तर के साथ कटान का कहर: सरहरा में 15 मीटर उपजाऊ भूमि नदी में विलीन, धरोहरों पर मंडराया खतराhttps://t.co/JgdbHeGpkh
— Voice of News 24 (@VOfnews24) August 29, 2026





















